मुंबई, 21 मई (भाषा) संगीतकार प्रीतम ने आगामी फिल्म ‘कॉकटेल 2’ के गीत ‘माशूका’ को लेकर लगे साहित्यिक चोरी के आरोपों को खारिज किया है।
सोशल मीडिया पर कुछ उपयोगकर्ताओं ने दावा किया था कि इस गीत की धुन 1993 के एक इतालवी गीत से मिलती-जुलती है।
विवाद तब शुरू हुआ जब एक रेडिट उपयोगकर्ता ने ‘माशूका’ और इतालवी जोड़ी बिबी एंड कोको के 1993 के एल्बम ‘ले ओरिजिनी वॉल. 2’ के गीत ‘से सो अरुबाते आ नोनना’ की तुलना वाला वीडियो साझा किया।
कई सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने दावा किया कि दोनों धुन लगभग एक जैसी सुनाई देती हैं।
प्रीतम ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर आलोचकों को जवाब देते हुए उन्हें अपनी ‘बिना वेतन वाली पीआर टीम’ बताया।
उन्होंने लिखा, ‘मेरे हर गाने की रिलीज के साथ ही कुछ स्वघोषित संगीत जासूसों का एक समूह आ जाता है, जिन्होंने ‘काल्पनिक समानताओं’ नाम की एक नई शैली बना दी है। वही लोग, … बॉस, इस समय तो आप ही मेरी बिना वेतन वाली पीआर टीम हैं… मैं बस इतना कहना चाहता हूँ कि ये सब ठीक नहीं है।’
ऑनलाइन बहस के दौरान कई उपयोगकर्ताओं ने संगीतकार के खिलाफ पुराने साहित्यिक चोरी के आरोपों को फिर से उठाया।
गीत ‘माशूका’ का संगीत प्रीतम ने तैयार किया है और इसके बोल अमिताभ भट्टाचार्य ने लिखे हैं। इसे राघव चैतन्य और महमूद रुआ काय ने गाया है।
फिल्म ‘कॉकटेल 2’ में शाहिद कपूर, कृति सैनन और रश्मिका मंदाना मुख्य भूमिका में हैं और यह फिल्म 19 जून को रिलीज होने वाली है। फिल्म का निर्देशन होमी अदजानिया ने किया है और इसका निर्माण मैडॉक फिल्म्स और लव फिल्म्स ने किया है।
भाषा
राखी नरेश
नरेश