एअर इंडिया भवन पर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के 106 ‘शहीदों’ के नाम प्रदर्शित किए जाएंगे: मंत्री

एअर इंडिया भवन पर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के 106 ‘शहीदों’ के नाम प्रदर्शित किए जाएंगे: मंत्री

एअर इंडिया भवन पर संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के 106 ‘शहीदों’ के नाम प्रदर्शित किए जाएंगे: मंत्री
Modified Date: August 16, 2026 / 03:44 pm IST
Published Date: August 16, 2026 3:44 pm IST

मुंबई, 16 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के गठन के लिए हुए आंदोलन के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले 106 लोगों के नाम राज्य सरकार द्वारा अधिगृहीत एअर इंडिया के नये प्रशासनिक भवन में स्थायी रूप से प्रदर्शित किए जाएंगे। राज्य के मंत्री आशीष शेलार ने रविवार को यह जानकारी दी।

शेलार ने एक बयान में कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इन सभी लोगों के नाम भवन में प्रमुखता से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया है।

ऐतिहासिक संयुक्त महाराष्ट्र आंदोलन के दौरान इन 106 कार्यकर्ताओं की जान चली गई थी। उनके बलिदान ने राज्य के गठन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

संस्कृति मामलों के मंत्री शेलार ने फडणवीस को पत्र लिखकर नये भवन के अग्रभाग पर इन कार्यकर्ताओं के नाम प्रमुखता से प्रदर्शित करने का अनुरोध किया था।

शेलार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने राज्य के मुख्य सचिव को इस प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘जिन शहीदों के बलिदान से हमें महाराष्ट्र मिला, भावी पीढ़ियों को उन्हें याद रखना चाहिए। सरकार की ओर से उनके बलिदान का सम्मान करना हमारी जिम्मेदारी है। प्रशासनिक भवन पर सभी 106 शहीदों के नाम प्रदर्शित करना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।’’

महाराष्ट्र सरकार ने हाल में एअर इंडिया के प्रतिष्ठित भवन को 1,601 करोड़ रुपये में अधिगृहीत किया है। समुद्र के सामने स्थित यह भवन दक्षिण मुंबई की पहचान मानी जाने वाली प्रमुख इमारतों में शामिल है।

यह भवन राज्य सरकार के प्रशासनिक कामकाज का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

भाषा

सिम्मी रंजन

रंजन


लेखक के बारे में