नीट-यूजी प्रश्न पत्र लीक: लातूर प्रशासन ने अवैध कक्षाओं और बुनियादी ढांचे पर कार्रवाई के आदेश दिए

नीट-यूजी प्रश्न पत्र लीक: लातूर प्रशासन ने अवैध कक्षाओं और बुनियादी ढांचे पर कार्रवाई के आदेश दिए

नीट-यूजी प्रश्न पत्र लीक: लातूर प्रशासन ने अवैध कक्षाओं और बुनियादी ढांचे पर कार्रवाई के आदेश दिए
Modified Date: May 23, 2026 / 03:25 pm IST
Published Date: May 23, 2026 3:25 pm IST

लातूर, 23 मई (भाषा) राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट)-स्नातक (यूजी) 2026 के प्रश्नपत्र लीक मामले के तार महाराष्ट्र के लातूर से जुड़ने और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की जा रही इस मामले की जांच के बीच जिला प्रशासन ने अवैध कोचिंग केंद्रों और उनसे संबंधित ढांचे पर कार्रवाई का आदेश दिया।

कुछ कोचिंग केंद्र औद्योगिक इकाइयों में चलाये जा रहे हैं।

सीबीआई ने सेवानिवृत्त प्रोफेसर पी वी कुलकर्णी और रेणुकाई करियर सेंटर के निदेशक शिवराज मोटेगांवकर समेत 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने बताया कि जिला प्रशासन ने लातूर के विवादित ‘कोचिंग केंद्र क्षेत्र’ पर शिकंजा कसा है।

जिला उद्योग केंद्र ने लातूर औद्योगिक संपदा सहकारी समिति के अंतर्गत विनिर्माण उद्देश्यों के लिए आवंटित औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से की जा रही सभी व्यावसायिक गतिविधियों को तत्काल बंद करने का आदेश शुक्रवार को जारी किया।

इस कार्रवाई से कुछ समय पहले सीबीआई ने पुणे की मनीषा हवलदार को नीट के भौतिकी के प्रश्न लीक करने के आरोप में गिरफ्तार किया था।

जिला उद्योग केंद्र द्वारा 22 मई को जारी आधिकारिक पत्र के अनुसार, यह कार्रवाई लातूर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद शुरू की गई।

प्रशासन ने कहा कि क्षेत्र में कई औद्योगिक इकाइयों का औद्योगिक उत्पादन के बजाय निजी कोचिंग कक्षाओं, छात्रावासों, भोजनालयों, होटलों, अध्ययन कक्षों, पुस्तक केंद्रों और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों के लिए दुरुपयोग किया जा रहा था।

लातूर औद्योगिक संपदा सहकारी समिति के अध्यक्ष को भेजे गए नोटिस में चेतावनी दी गयी है कि अगर आदेशों का तत्काल पालन नहीं किया गया तो सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

भाषा जितेंद्र राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में