राकांपा में कोई मतभेद नहीं, निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा संशोधित पत्र: पार्टी प्रवक्ता
राकांपा में कोई मतभेद नहीं, निर्वाचन आयोग को भेजा जाएगा संशोधित पत्र: पार्टी प्रवक्ता
मुंबई, 18 मई (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने सोमवार को पार्टी में मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए कहा कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को सौंपी गई सूची से वरिष्ठ नेताओं प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे के नाम गायब होने का कारण एक ‘लिपिकीय त्रुटि’ थी, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा।
संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता सूरज चव्हाण ने कहा कि महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली राकांपा के भीतर कोई मतभेद नहीं है।
चव्हाण ने कहा, ‘कुछ लोग जानबूझकर ऐसा माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं कि राकांपा में असंतोष है। पार्टी में कोई मतभेद नहीं है। वरिष्ठ नेताओं प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे के साथ सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है।’
उन्होंने स्पष्ट किया कि पटेल और तटकरे पार्टी में अपने पदों पर बने हुए हैं और वे संगठन के वरिष्ठ नेता हैं।
प्रवक्ता ने ध्यान दिलाया, ‘निर्वाचन आयोग को सौंपे गए पत्र में एक लिपिकीय त्रुटि थी। सुनेत्रा पवार ने उसी दिन एक ट्वीट के जरिए इस पर स्पष्टीकरण दे दिया था।’
यह पूछे जाने पर कि 29 अप्रैल को निर्वाचन आयोग को पत्र सौंपे जाने के बाद करीब 18 दिन बीत जाने के बावजूद इस ‘लिपिकीय त्रुटि’ को अभी तक क्यों नहीं सुधारा गया, चव्हाण ने कहा कि संशोधित पत्र सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में होने वाली बैठक के बाद ही भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस नए पत्र में न केवल पटेल और तटकरे के नाम वापस शामिल किए जाएंगे, बल्कि कुछ अतिरिक्त पदाधिकारियों और कार्यसमिति के सदस्यों के नाम भी जोड़े जाएंगे।
भाषा सुमित मनीषा
मनीषा

Facebook


