अलीबाग में ‘भूमि विवाद’ से कोई संबंध नहीं, झगड़ा सुलझाने की कोशिश कर रहा था : राहुल नार्वेकर
अलीबाग में ‘भूमि विवाद’ से कोई संबंध नहीं, झगड़ा सुलझाने की कोशिश कर रहा था : राहुल नार्वेकर
मुंबई, 14 फरवरी (भाषा) व्यापक रूप से प्रसारित एक वीडियो में अलीबाग के पास सड़क किनारे हुए विवाद में कथित तौर पर ‘हस्तक्षेप’ करते दिखाई देने के कुछ घंटों बाद महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने शनिवार को कहा कि उनका इस घटना से कोई लेना-देना नहीं है और उन्होंने केवल झगड़ रहे दो स्थानीय लोगों को सौहार्दपूर्ण ढंग से अपने मुद्दों को सुलझाने की सलाह दी थी।
शिवसेना (उबाठा) सांसद संजय राउत ने आज यह वीडियो साझा किया था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई निवासियों के लिए एक लोकप्रिय सप्ताहांत अवकाश स्थल वाले इस तटीय क्षेत्र में जमीन हड़पी जा रही है।
वीडियो में एक महिला नार्वेकर के साथ मौजूद एक व्यक्ति को पीटती दिखाई दे रही है। वह जमीन का जिक्र कर रही थी। बाद में, नार्वेकर एक महिला और उसके साथ मौजूद एक पुरुष से बात करते हुए परिसर से बाहर जाते हुए दिखाई देते हैं, फिर वापस आकर उनसे लड़ाई न करने के लिए कहते हैं।
राउत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में दावा किया कि सरकारी अधिकारी माहट्रोली गांव में एक व्यक्ति के घर में घुस गए और परिवार में शादी की तैयारियां होने के बावजूद जमीन नापने लगे।
राउत ने कहा, ‘‘आप हमारी जमीन छीन रहे हैं।’’
इस पर स्पष्टीकरण देते हुए नार्वेकर ने कहा कि कुछ दिन पहले जब वह अपने खेत पर जा रहे थे, तो उन्होंने सड़क किनारे दो किसानों को बहस करते देखा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक ने कहा, ‘‘मैंने उन्हें केवल शांतिपूर्वक मामला सुलझाने की सलाह दी और फिर अपने काम पर चला गया।’’
उन्होंने कहा कि विवाद से उनका कोई लेना-देना नहीं था।
वीडियो में दिख रहे किसानों में से एक रमेश पाटिल ने पत्रकारों को बताया कि नार्वेकर का इस घटना से कोई संबंध नहीं था। पाटिल ने कहा, ‘‘वह वहां से गुजर रहे थे और उन्होंने मामले को सुलझाने की कोशिश की।’’
अलीबाग में कई बॉलीवुड हस्तियों और उद्योगपतियों के फार्महाउस हैं, जो दक्षिण मुंबई से समुद्री यात्रा द्वारा एक घंटे की दूरी पर स्थित है और इसकी तटरेखा बेहद खूबसूरत है। पिछले दो दशकों से इस क्षेत्र में रियल एस्टेट में तेजी से विकास हो रहा है।
पिछले महीने हुए मुंबई महानगरपालिका चुनावों के लिए नार्वेकर के छोटे भाई मकरंद नार्वेकर द्वारा दाखिल किए गए चुनावी हलफनामे के अनुसार, उन्होंने 2022 से 2025 के बीच इस क्षेत्र में 27 भूखंड खरीदे थे।
भाषा
गोला प्रशांत
प्रशांत

Facebook


