विपक्षी दल ने महिला आरक्षण कानून लागू करने के प्रयासों को नुकसान पहुंचाया : तेजस्वी सूर्या
विपक्षी दल ने महिला आरक्षण कानून लागू करने के प्रयासों को नुकसान पहुंचाया : तेजस्वी सूर्या
पुणे, 22 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद तेजस्वी सूर्या ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘इंडिया’ गठबंधन ने महिला आरक्षण कानून के कार्यान्वयन के प्रयासों को नुकसान पहुंचाया। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र द्वारा 2029 के आम चुनावों में नारी शक्ति वंदन अधिनियम लागू करने के प्रयासों को विपक्ष ने “विफल” कर दिया।
सूर्या ने कहा, “यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस ने महिला आरक्षण का विरोध किया है। वर्ष 1996 से 2026 तक यह विधेयक कई बार पेश किया गया और विभिन्न कारणों से अटका रहा। इसका बार-बार विरोध करना महिलाओं के लिए प्रगतिशील सुधारों के खिलाफ एक पैटर्न को दर्शाता है।”
सूर्या ने कहा कि तत्कालीन कानून मंत्री डॉ. बी.आर. आंबेडकर ने हिंदू संहिता विधेयक, विशेषकर महिलाओं के अधिकारों से जुड़े प्रावधानों को लेकर मतभेद के चलते प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।
भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूर्या ने शाह बानो मामले का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने एक तलाकशुदा मुस्लिम महिला को भरण-पोषण का अधिकार देने वाले उच्चतम न्यायालय के फैसले को निष्प्रभावी कर दिया था, जिसे उन्होंने “गरीब मुस्लिम महिलाओं के साथ अन्याय” बताया।
उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस ने तत्काल तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून का विरोध किया था और जम्मू-कश्मीर को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 को हटाने के मुद्दे पर भी उसके रुख की आलोचना की।
भाषा
राखी अविनाश
अविनाश

Facebook


