जालना में एक संकरे पुल पर एमएसआरटीसी की दो बसों की भिड़ंत में 40 से ज्यादा लोग घायल
जालना में एक संकरे पुल पर एमएसआरटीसी की दो बसों की भिड़ंत में 40 से ज्यादा लोग घायल
जालना, चार जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के जालना जिले में शनिवार को एक संकरे पुल पर महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की दो बसों की भिड़ंत हो गई। इनमें से एक बस में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे सवार थे तथा हादसे में 40 से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सुबह करीब 9.15 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-753एच पर शाहपुर गांव के पास हुई। बीड-जालना और भांबरी-अंबड मार्ग की बसें विपरीत दिशा से आ रही थीं और दोनों ने एक साथ संकरे पुल को पार करने का प्रयास किया, जिससे उनकी भिड़ंत हो गई।
उन्होंने बताया, ‘‘दुर्घटना के समय भांबरी-अंबड मार्ग की बस में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे सवार थे। हादसे में कुल 43 लोग घायल हुए हैं। दोनों बसों के चालक एस.के. थोसर और सारंग ढोले गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को अंबड के सरकारी अस्पताल और जालना के अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।’’
अधिकारी ने बताया कि उपनिरीक्षक रामदास निकम के नेतृत्व में राजमार्ग पुलिस और गोंडी पुलिस थाने के कर्मियों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों चालकों ने उपलब्ध जगह का सही आकलन किए बिना एक साथ संकरे पुल को पार करने का प्रयास किया, जिसके कारण दोनों बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बसों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बाद में क्षतिग्रस्त बसों को हटाकर मार्ग पर यातायात बहाल कर दिया गया।’’
उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है।
भाषा
राखी माधव
माधव

Facebook


