आंध्र प्रदेश और गेट्स फाउंडेशन की साझेदारी राज्य के विकास में बड़ा बदलाव लाएगी : मुख्यमंत्री

आंध्र प्रदेश और गेट्स फाउंडेशन की साझेदारी राज्य के विकास में बड़ा बदलाव लाएगी : मुख्यमंत्री

आंध्र प्रदेश और गेट्स फाउंडेशन की साझेदारी राज्य के विकास में बड़ा बदलाव लाएगी : मुख्यमंत्री
Modified Date: February 16, 2026 / 08:37 pm IST
Published Date: February 16, 2026 8:37 pm IST

(तस्वीरों सहित)

अमरावती, 16 फरवरी (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने सोमवार को कहा कि गेट्स फाउंडेशन के साथ साझेदारी से राज्य के विकास में महत्वपूर्ण बदलाव आएगा।

यहां सचिवालय में मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स के साथ एक बैठक को संबोधित करते हुए, मुख्यमंत्री ने दक्षिणी राज्य में विभिन्न परियोजनाओं के लिए गेट्स फाउंडेशन द्वारा सहयोग देने पर खुशी व्यक्त की।

नायडू ने स्वर्ण आंध्र 2047 की परिकल्पना, सरकारी नीतियों और कार्यक्रमों पर भी एक प्रस्तुति दी।

नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “आज अमरावती स्थित सचिवालय में मैंने स्वर्ण आंध्र 2047 के लिए अपना दृष्टिकोण प्रस्तुत किया, जहां हमारे मंत्रियों और सचिवों ने भी उनसे (गेट्स से) बातचीत की। हमने अपने प्राथमिकता वाले क्षेत्रों पर बात की और अपने लोगों को सशक्त बनाने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए गेट्स फाउंडेशन के साथ सहयोग के अवसरों पर चर्चा की।”

नवविकसित राजधानी अमरावती में गेट्स की यात्रा को “ऐतिहासिक” बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे दक्षिणी राज्य के विकास को काफी बढ़ावा मिलेगा।

आंध्र प्रदेश के पास सभी संसाधन मौजूद हैं, लेकिन उसे अब आय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा, “गेट्स के सहयोग से हम विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर परिणाम प्राप्त करेंगे। गेट्स फाउंडेशन के साथ साझेदारी से राज्य के विकास में महत्वपूर्ण बदलाव आएगा।”

नायडू ने “शासन की सेवाएं तेजी से पहुंचाने” को आंध्र प्रदेश सरकार की नीति बताते हुए कहा कि इसके लिए प्रौद्योगिकी का व्यापक उपयोग किया जा रहा है। अमरावती एक क्वांटम घाटी के रूप में उभरेगी, विशाखापत्तनम डेटा और एआई शहर के रूप में, काकीनाडा हरित हाइड्रोजन घाटी के रूप में और ओरवाकल ड्रोन शहर के रूप में विकसित होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रायलसीमा क्षेत्र के लेकपाक्षी गांव को इलेक्ट्रॉनिक और एरो सिटी में परिवर्तित किया जाएगा, जबकि तिरुपति को इलेक्ट्रॉनिक्स और अंतरिक्ष नगरी में बदला जाएगा।

नायडू के अनुसार, दक्षिणी राज्य ने विभिन्न विभागों में अन्य पहलों के अलावा 10 क्षेत्रों और 30 सरकारी विभागों में एआई का उपयोग किया है।

एक विज्ञप्ति के मुताबिक, नायडू के दृष्टिकोण की सराहना करते हुए, गेट्स ने कहा कि मुख्यमंत्री “वैश्विक नेताओं के बीच सोच में अग्रणी हैं”।

उन्होंने कहा, “डिजिटल क्रांति में भारत अग्रणी है और प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) और मुख्यमंत्री दोनों ही डिजिटल क्रांति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।”

गेट्स फाउंडेशन द्वारा स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता दिए जाने पर टिप्पणी करते हुए, प्रौद्योगिकी क्षेत्र के दिग्गज ने कहा कि इसकी अधिकांश परियोजनाएं स्वास्थ्य से संबंधित हैं। शिक्षा क्षेत्र में सुधार लाने में भी एआई अधिक उपयोगी साबित होगा।

विज्ञप्ति में कहा गया, गेट्स और नायडू ने बाद में कृष्णा नदी के किनारे बसे सुरम्य उंडावल्ली गांव में एक केले के बाग और मुख्यमंत्री के आवास का दौरा किया। इसमें कहा गया कि गेट्स ने प्राकृतिक खेती और कृषि में एआई और ड्रोन के उपयोग का अवलोकन किया।

इससे पहले, नायडू ने माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक को राज्य सरकार की कई पहलें दिखाईं, जिनमें व्हाट्सएप संचालन, संजीवनी परियोजना, हरित राजधानी शहर अमरावती और अन्य शामिल हैं।

भाषा प्रशांत रंजन

रंजन


लेखक के बारे में