महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों, 125 पंचायत समितियों के चुनाव के लिए मतदान शुरू
महाराष्ट्र में 12 जिला परिषदों, 125 पंचायत समितियों के चुनाव के लिए मतदान शुरू
मुंबई, सात फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र के 12 जिलों में 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनाव के लिए मतदान शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुआ।
इस चुनाव में 731 जिला परिषद सीट और 1,462 पंचायत समिति सीट के लिए कुल 7,438 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चुनाव में दो करोड़ से अधिक पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकते हैं।
रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर की जिला परिषदों तथा उनके अंतर्गत आने वाली पंचायत समितियों में प्रतिनिधि चुनने के लिए मतदान हो रहा है।
मतदान सुबह साढ़े सात बजे शुरू हुआ और शाम साढ़े पांच बजे तक जारी रहेगा। मतगणना नौ फरवरी को सुबह 10 बजे से शुरू होगी, जिसके बाद आदर्श आचार संहिता हटा ली जाएगी।
यह मतदान मूल रूप से पांच फरवरी को होना था, लेकिन 28 जनवरी को उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मृत्यु और इसके बाद तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था।
कुल 2,624 उम्मीदवार 731 जिला परिषद सीट के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें 369 सीट महिलाओं के लिए, 83 अनुसूचित जाति, 25 अनुसूचित जनजाति और 191 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए आरक्षित हैं।
इसी तरह 4,814 उम्मीदवार 1,462 पंचायत समिति सीट के लिए मैदान में हैं। इनमें 731 सीट महिलाओं के लिए, 166 अनुसूचित जाति, 38 अनुसूचित जनजाति और 342 ओबीसी के लिए आरक्षित हैं।
मतदाता सूची में 1,06,33,269 पुरुष, 1,01,86,965 महिलाएं और अन्य श्रेणी के 468 मतदाता शामिल हैं। कुल 25,471 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। चुनाव ड्यूटी के लिए लगभग 1.28 लाख कर्मियों को तैनात किया गया है।
भाषा गोला सुरभि
सुरभि

Facebook


