नासिक के समग्र विकास को गति देना प्राथमिकता, कुंभ की तैयारियों पर रहेगा विशेष जोर: महाजन

नासिक के समग्र विकास को गति देना प्राथमिकता, कुंभ की तैयारियों पर रहेगा विशेष जोर: महाजन

नासिक के समग्र विकास को गति देना प्राथमिकता, कुंभ की तैयारियों पर रहेगा विशेष जोर: महाजन
Modified Date: August 17, 2026 / 08:51 pm IST
Published Date: August 17, 2026 8:51 pm IST

नासिक, 17 अगस्त (भाषा) महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री गिरीश महाजन ने नासिक जिले के नए प्रभारी मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद सोमवार को कहा कि वह आगामी कुंभ मेले की तैयारियों पर विशेष ध्यान देने के साथ जिले के समग्र विकास को गति देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

महाजन ने यह जिम्मेदारी सौंपने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह महज प्रभारी मंत्री के रूप में नहीं, बल्कि नासिक के “सेवक” के रूप में काम करेंगे।

आपदा प्रबंधन मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि प्रशासन के माध्यम से पूरे जिले के लोगों की समस्याओं, अपेक्षाओं और जरूरतों को समझने तथा उनका समाधान करने के प्रयास किए जाएंगे।

महाजन ने कहा कि मुख्यमंत्री फडणवीस तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार के नेतृत्व में महायुति सरकार नासिक के सुनियोजित और संतुलित विकास के लिए प्रशासन तथा जनता के साथ समन्वय से काम करेगी।

उन्होंने कहा कि नासिक की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और औद्योगिक पहचान को और मजबूत किया जाएगा।

महाजन ने कहा, “आगामी कुंभ मेले को ध्यान में रखते हुए बुनियादी ढांचे, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता, जलापूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं, पर्यटन, रोजगार सृजन और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।”

उन्होंने कहा कि कुंभ मेला नासिक के विकास के लिए एक बड़ा अवसर है एवं राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर की पहचान को और मजबूत करने के प्रयास किए जाएंगे।

महाजन ने कहा, “हम नासिक को नयी दिशा और गति देने, लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने तथा देश-विदेश में कुंभ नगरी के रूप में इसकी प्रतिष्ठा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।”

भाषा खारी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में