नागपुर में कॉजपा के समर्थन में प्रदर्शन, खुदकुशी करने वाली नीट अभ्यर्थी की मां ने भाषण दिया
नागपुर में कॉजपा के समर्थन में प्रदर्शन, खुदकुशी करने वाली नीट अभ्यर्थी की मां ने भाषण दिया
नागपुर (महाराष्ट्र) 24 जुलाई (भाषा) मई में कथित तौर पर आत्महत्या करने वाली एक नीट परीक्षार्थी की मां ने शुक्रवार को यहां विरोध प्रदर्शन में शामिल लोगों को संबोधित किया तथा प्रश्नपत्र लीक एवं अन्य अनियमितताओं के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
नयी दिल्ली में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) के नेतृत्व में चल रहे आंदोलन के समर्थन में यहां संविधान चौक पर सैकड़ों युवा जमा हुए।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए नीलम चतुर्वेदी ने अपनी बेटी आकांक्षा चतुर्वेदी के लिए इंसाफ की मांग की। आकांक्षा ने प्रश्नपत्र लीक के बाद नीट-यूजी परीक्षा रद्द हो जाने पर कथित रूप से तनाव एवं अवसाद के चलते आत्महत्या कर ली थी।
नीलम चतुर्वेदी ने ऐसे विद्यार्थियों के परिवारों के लिए अनुग्रह राशि की मांग करते हुए कहा, ‘‘जिन बच्चों ने आत्महत्या की, उन्हें वापस नहीं लाया जा सकता।’’
उन्होंने प्रधान और प्रधानमंत्री मोदी के इस्तीफे की भी मांग की।
मध्यप्रदेश के मऊगंज जिले की आकांक्षा नागपुर के एक कोचिंग संस्थान में नीट की तैयारी कर रही थी।
पुलिस के मुताबिक तीन मई की परीक्षा को रद्द किये जाने की घोषणा के एक सप्ताह बाद 20 मई को वह घर पर फंदे से लटकी हुई मिली।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद तीन मई को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (स्नातक) को 12 मई को रद्द कर दिया। यह परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की गई।
भाषा
राजकुमार प्रशांत
प्रशांत

Facebook


