अमेरिका यात्रा के दौरान फिल्म निर्माता रिया कपूर की 1.35 करोड़ रुपये की बालियां गायब, मामला दर्ज

अमेरिका यात्रा के दौरान फिल्म निर्माता रिया कपूर की 1.35 करोड़ रुपये की बालियां गायब, मामला दर्ज

अमेरिका यात्रा के दौरान फिल्म निर्माता रिया कपूर की 1.35 करोड़ रुपये की बालियां गायब, मामला दर्ज
Modified Date: June 21, 2026 / 12:58 am IST
Published Date: June 21, 2026 12:58 am IST

मुंबई, 20 जून (भाषा) फिल्म निर्माता रिया कपूर की 1.35 करोड़ रुपये कीमत की बालियां चोरी होने का यहां मामला दर्ज किया गया है। वह अमेरिका के न्यूयॉर्क में एक फैशन कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं और इसी दौरान उनकी कीमती बालियां कथित तौर पर चोरी हो गईं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।

सहार पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, सात साल से कपूर के साथ जुड़ी हुई सेलिब्रिटी मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह (41) कार्यक्रम में इस्तेमाल के लिए मुंबई के एक जौहरी से किराए पर ली गईं हीरे जड़ित महंगी बालियों के दो जोड़े साथ लेकर गई थीं।

शिकायत के अनुसार, कपूर और उनकी टीम ‘मेट गाला’ में शामिल होने के लिए न्यूयॉर्क गई थी। मेहता ज्वैलर्स और गोयनका ज्वैलर्स से किराए पर लिए गए गहने को दो अलग-अलग बॉक्स में पैक करके सिंह के ‘हैंडबैग’ में रखा गया था।

पुलिस ने बताया कि टीम 27 अप्रैल को एमिरेट्स के विमान से मुंबई से रवाना हुई और दुबई होते हुए 28 अप्रैल को न्यूयॉर्क के जॉन एफ. कैनेडी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची।

पुलिस अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि ‘द पियरे’ होटल में ठहरने की औपचारिकता पूरी करने के बाद जब सिंह ने गहनों के बॉक्स को खोला तो वे खाली थे।

गायब हुए गहनों में 66 लाख रुपये की कीमत वाला 18-कैरेट पन्ने और हीरे जड़ी सोने की बालियों का सेट और 69 लाख रुपये की कीमत वाला जाम्बियन पन्ने और सोने के बॉर्डर वाली बालियों का सेट शामिल है।

मुंबई लौटने के बाद सिंह ने सहार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी की प्राथमिकी दर्ज की गई।

पुलिस ने कहा कि जांच जारी है।

भाषा

शुभम अविनाश शफीक

शफीक


लेखक के बारे में