रोहित पवार विधानसभा अध्यक्ष से मिले, विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत पर चर्चा की मांग की
रोहित पवार विधानसभा अध्यक्ष से मिले, विमान दुर्घटना में अजित पवार की मौत पर चर्चा की मांग की
मुंबई, 17 मार्च (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के विधायक रोहित पवार ने मंगलवार को महाराष्ट्र विधानसभा के अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मुलाकात की और विमान दुर्घटना में पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मौत पर सत्र के दौरान सदन में विस्तृत चर्चा कराने का अनुरोध किया।
रोहित ने इस संबंध में अध्यक्ष को एक ज्ञापन भी सौंपा जिसमें 28 जनवरी को हुई विमान दुर्घटना से जुड़ी परिस्थितियों पर राज्य विधानसभा में व्यापक चर्चा कराने की मांग की।
अहिल्यानगर जिले के कर्जत-जामखेड विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित पवार ने कहा, “यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विमान दुर्घटना में अजित दादा की असामयिक मृत्यु के बावजूद विधानसभा में इस पर बुनियादी चर्चा तक नहीं हुई है। इसलिए मैंने अध्यक्ष राहुल नार्वेकर से मुलाकात कर इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की मांग की है। मैंने इस संबंध में एक ज्ञापन भी सौंपा है।”
उन्होंने कहा, “अजित दादा के योगदान और दुर्घटना की संदिग्ध प्रकृति को देखते हुए मुझे उम्मीद है कि अध्यक्ष इस पर चर्चा की अनुमति देंगे।”
अपने प्रतिवेदन में रोहित पवार ने दुर्घटना को लेकर संभावित तकनीकी खामियों, परिचालन संबंधी चूक और नियामकीय निगरानी पर सवाल उठाए।
उन्होंने विमान के रखरखाव, उड़ान-उपयुक्तता, सुरक्षा प्रणालियों और उड़ान ड्यूटी समयसीमा के अनुपालन की व्यापक जांच कराने की मांग की।
अजित पवार की राजनीतिक विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता छह बार उपमुख्यमंत्री रहे और 11 बार राज्य का बजट पेश किया। उन्होंने कहा कि उनकी मृत्यु की घटना पर विधायी चर्चा का अभाव “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” है।
भाषा खारी नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


