नासिक कुंभ मेले के लिए 1,800 करोड़ रुपये मंजूर, सरकार ने खर्च को लेकर कड़े नियम बनाए

नासिक कुंभ मेले के लिए 1,800 करोड़ रुपये मंजूर, सरकार ने खर्च को लेकर कड़े नियम बनाए

नासिक कुंभ मेले के लिए 1,800 करोड़ रुपये मंजूर, सरकार ने खर्च को लेकर कड़े नियम बनाए
Modified Date: September 10, 2026 / 04:55 pm IST
Published Date: September 10, 2026 4:55 pm IST

मुंबई, 10 सितंबर (भाषा) महाराष्ट्र सरकार ने आगामी नासिक सिंहस्थ कुंभ मेले से जुड़े कार्यों के लिए 1,800 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं और निर्देश दिया है कि उचित मंजूरी मिलने के बाद ही इस धनराशि का इस्तेमाल आयोजन के स्वीकृत उद्देश्यों के लिए किया जाए। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पिछले महीने पुलिस ने कुंभ मेले के लिए कथित रूप से फर्जी कामों से जुड़े आर्डर संबंधी 305 करोड़ रुपये के घोटाले का खुलासा किया था और कई लोगों को गिरफ्तार किया था।

शहरी विकास विभाग की ओर से बृहस्पतिवार को जारी एक शासनादेश (जीआर) के अनुसार, 1,800 करोड़ रुपये की यह राशि विधानसभा के मानसून सत्र में स्वीकृत 3,000 करोड़ रुपये की अनुपूरक मांग में शामिल राशि है।

जीआर के मुताबिक, इससे पहले कुंभ मेले से जुड़े कार्यों के लिए अलग-अलग चरणों में 283 करोड़ रुपये, 717 करोड़ रुपये, 501.40 करोड़ रुपये, 396.60 करोड़ रुपये और 1,200 करोड़ रुपये निर्गत किए जा चुके हैं।

इसमें मंजूर धनराशि के इस्तेमाल के लिए शर्तें तय की गई हैं। इसके तहत कहा गया है कि राशि का इस्तेमाल केवल नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेले के स्वीकृत उद्देश्यों के तहत आने वाले कार्यों पर ही किया जाएगा।

शासनादेश में कहा गया कि अनुपालन का दायित्व नासिक-त्र्यंबकेश्वर कुंभ मेला प्राधिकरण और संभागीय आयुक्त को सौपा गया है।

भाषा

शुभम माधव

माधव


लेखक के बारे में