सलमान खान के घर पर गोलीबारी उन्हें जान से मारने की कोशिश थी: अभिनेता के अंगरक्षक ने अदालत को बताया
सलमान खान के घर पर गोलीबारी उन्हें जान से मारने की कोशिश थी: अभिनेता के अंगरक्षक ने अदालत को बताया
मुंबई, दो मई (भाषा) बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के निजी अंगरक्षक ने यहां एक विशेष अदालत को बताया कि अप्रैल 2024 में मुंबई में अभिनेता के आवास पर हुई गोलीबारी की घटना उन्हें जान से मारने की कोशिश थी।
इस मामले की सुनवाई पिछले महीने अंगरक्षक के पहले गवाह के रूप में बयान दर्ज करने के साथ शुरू हुई।
मामले के मुताबिक, 14 अप्रैल 2024 को मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने खान के बांद्रा स्थित आवास ‘गैलेक्सी अपार्टमेंट्स’ के बाहर गोलीबारी की।
घटना का ब्योरा देते हुए, अंगरक्षक एवं इस मामले में शिकायतकर्ता ने पिछले महीने गवाही दी कि वह 13 अप्रैल 2024 को शाम सात बजे अपनी नियमित रात्रि ड्यूटी पर पहुंचा था।
उसने अदालत को बताया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से मिल रही धमकियों के कारण उस समय अभिनेता की सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।
उसके बयान के अनुसार, 14 अप्रैल को तड़के लगभग चार बजे, सुरक्षा दल ने पटाखों जैसी आवाज सुनी।
गवाह ने बताया, ‘‘मैंने सीसीटीवी स्क्रीन पर देखा। मैंने देखा कि दो लोग मोटरसाइकिल पर सवार थे, हेलमेट पहने हुए थे और इमारत की ओर गोलियां चला रहे थे।’’
अंगरक्षक ने स्पष्ट किया कि हमले के समय खान पहली मंजिल पर स्थित अपने शयनकक्ष में थे।
उन्होंने दावा किया कि ‘‘गोलीबारी अभिनेता को जान से मारने की कोशिश थी।’’
भाषा शफीक सुभाष
सुभाष

Facebook


