ठाणे में ‘स्वयंभू उपचारक’ और उसके सहयोगी ने व्यवसायी से 56 लाख रुपये की ठगी की
ठाणे में 'स्वयंभू उपचारक' और उसके सहयोगी ने व्यवसायी से 56 लाख रुपये की ठगी की
ठाणे, 21 जून (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में एक स्वयंभू उपचारक और उसके सहयोगी ने एक व्यवसायी से उसकी बीमारियों के इलाज के नाम पर जड़ी-बूटी आधारित उपचार देने का झांसा देकर कथित तौर पर 56.2 लाख रुपये की ठगी कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पिछले वर्ष नवंबर से 75 वर्षीय पीड़ित को कूरियर के माध्यम से दवाइयां भेज रहे थे, लेकिन उसके स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हुआ।
कासारवडवली थाने के एक अधिकारी ने बताया कि बाद में आरोपियों ने पीड़ित को घोड़बंदर रोड स्थित गायमुख चौपाटी पर बुलाया और उसे कथित तौर पर जड़ी-बूटियों से मिश्रित दवा पीने के लिए मजबूर किया।
अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने दावा किया कि उपचार की लागत 56 लाख रुपये है और भुगतान नहीं करने पर उसे (पीड़ित) गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। अधिकारी ने बताया कि इस भय से पीड़ित ने उन्हें कुल 56.2 लाख रुपये का भुगतान कर दिया, इसके बावजूद आरोपी लगातार और धनराशि की मांग करते रहे।
अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में एक मामला दर्ज किया है।
भाषा प्रचेता अमित
अमित

Facebook


