शरद पवार को छोटे दलों के कांग्रेस में विलय की पहल करनी चाहिए : संजय राउत
शरद पवार को छोटे दलों के कांग्रेस में विलय की पहल करनी चाहिए : संजय राउत
मुंबई, 11 जून (भाषा) शिवसेना (उबाठा) नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि राकांपा (शप) अध्यक्ष शरद पवार को उन छोटे दलों का कांग्रेस में विलय कराने की पहल करनी चाहिए, जो इस सबसे पुरानी पार्टी से अलग होकर बने थे।
राउत ने कहा कि कई ऐसे नेता हैं जो कांग्रेस और कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों का हिस्सा रहे हैं और वे अब भी उसी विचारधारा का अनुसरण करते हैं।
राज्यसभा सदस्य ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अगर यह (कांग्रेसी) विचारधारा एकजुट हो जाती है, तो ये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए एक बड़ी चुनौती होगी। पवार को इस दिशा में पहल करनी चाहिए।’’
राउत का ये बयान तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कांग्रेस के साथ संभावित विलय की चर्चाओं के बीच आया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस को मजबूत होना होगा और उससे अलग होकर बनी छोटी पार्टियों के नेताओं को स्थिति को समझना होगा।
बुधवार को राउत ने सुझाव दिया था कि तृणमूल कांग्रेस और राकांपा (शप) जैसी पार्टियां, जो अपने नेताओं के कांग्रेस छोड़ने के बाद बनी थीं, उन्हें कांग्रेस में विलय कर लेना चाहिए, ताकि भाजपा के खिलाफ एक मजबूत विकल्प तैयार किया जा सके।
भाषा शफीक पवनेश
पवनेश

Facebook


