मालेगांव की उप महापौर के कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर को लेकर शिवसेना का प्रदर्शन
मालेगांव की उप महापौर के कार्यालय में टीपू सुल्तान की तस्वीर को लेकर शिवसेना का प्रदर्शन
नासिक, 13 फरवरी (भाषा) महाराष्ट्र में मालेगांव की उप महापौर शान-ए-हिंद निहाल अहमद के कार्यालय में 18वीं सदी के मैसूर शासक टीपू सुल्तान के चित्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इसे लेकर शिवसेना पार्षदों ने विरोध प्रदर्शन किया और इसे हटाने की मांग की है।
शिवसेना के समूह नेता नीलेश अहेर के नेतृत्व में प्रदर्शन कर रहे पार्टी पार्षदों और अहमद के बीच तीखी बहस हुई। अहमद ने गुस्से में कहा कि वह चित्र नहीं हटाएंगी।
उपमहापौर ने कहा, ‘‘यह चित्र मुझे मेरे सहयोगियों ने उपहार में दिया था। मुझे इस पर कोई आपत्ति नहीं है। टीपू सुल्तान एक स्वतंत्रता सेनानी थे जिन्होंने अंग्रेजों से लड़ाई लड़ी। सरकार ने भी इस बात का जिक्र हलफनामे में किया है, जब कुछ लोगों ने टीपू सुल्तान की जयंती मनाने पर प्रतिबंध लगाने के लिए अदालतों का रुख किया था।’’
इस बीच, अहेर ने कहा कि उनकी पार्टी तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रखेगी जब तक कि तस्वीर हटा नहीं दी जाती।
भाषा देवेंद्र शफीक
शफीक

Facebook


