सुले और जयंत पाटिल ने उद्धव से मुलाकात की, राज्यसभा सीट पर नहीं हुआ फैसला
सुले और जयंत पाटिल ने उद्धव से मुलाकात की, राज्यसभा सीट पर नहीं हुआ फैसला
मुंबई, तीन मार्च (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले और पार्टी के वरिष्ठ नेता जयंत पाटिल ने मंगलवार को शिवसेना (उबाठा) के प्रमुख उद्धव ठाकरे से मुंबई में मुलाकात की और 16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनावों में उस सीट से जुड़े मुद्दे पर बात की, जिसपर महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन की जीत की संभावना है।
शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे ने कहा है कि इस मुद्दे पर कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है, जबकि महा विकास आघाडी (एमवीए) के सहयोगी दल राज्यसभा सीट पर दावा कर रहे हैं। चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की समय सीमा नजदीक आ रही है।
राज्य के पूर्व मंत्री ने कहा, “राकांपा (एसपी) के नेताओं सुप्रिया सुले और जयंत पाटिल ने आज मातोश्री (बांद्रा उपनगर में स्थित ठाकरे परिवार के निजी आवास) पर उद्धव ठाकरे से मुलाकात की। राज्यसभा सीट पर अभी कोई निर्णय नहीं लिया गया है। जल्द ही निर्णय लिया जाएगा।’’
उन्होंने कहा कि एमवीए में शामिल सभी दल शिवसेना (उबाठा), राकांपा (एसपी) और कांग्रेस इस सीट और राजनीतिक गठबंधनों पर एक साथ चर्चा करेंगे।
अप्रैल में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) के प्रमुख शरद पवार, शिवसेना (उबाठा) नेता प्रियंका चतुर्वेदी, राकांपा (एसपी) की फौजिया खान, आरपीआई (आठवले) के रामदास आठवले, भाजपा के भागवत कराड, कांग्रेस की रजनी पाटिल और राकांपा के धैर्यशील पाटिल का राज्यसभा कार्यकाल समाप्त हो जाएगा।
सत्तारूढ़ महायुति के पक्ष में भारी बहुमत को देखते हुए एमवीए संसद के ऊपरी सदन और विधान परिषद में केवल एक-एक सदस्य को निर्वाचित कराने में सफल हो सकती है।
हालांकि, एमवीए के तीनों घटक दल – शिवसेना (उबाठा), कांग्रेस और राकांपा (एसपी) ने इस इकलौती सीट पर अपना दावा पेश किया है। शिवसेना (उबाठा) के पास 20 विधायक हैं, उसके बाद कांग्रेस के पास 16 और राकांपा (एसपी) के पास 10 विधायक हैं।
विधानसभा में भारी बहुमत के कारण भाजपा के नेतृत्व वाले महायुति को सात में से छह सीटें मिलने की संभावना है।
भाषा जोहेब शफीक
शफीक

Facebook


