सुप्रिया सुले ने परीक्षाओं में अनियमितताओं पर एसआईटी जांच की मांग की
सुप्रिया सुले ने परीक्षाओं में अनियमितताओं पर एसआईटी जांच की मांग की
मुंबई, एक अगस्त (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं और प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस बल के प्रयोग की घटना की विशेष जांच दल (एसआईटी) से जांच कराने की शनिवार को मांग की।
सुले ने शिक्षा प्रणाली में सुधारों पर चर्चा के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाने या संयुक्त संसदीय समिति के गठन की भी मांग की।
उन्होंने संवाददातओं से कहा कि विद्यार्थियों में बढ़ता असंतोष गंभीर चिंता का विषय है और परीक्षा में हुई धांधली से प्रभावित युवाओं को न्याय मिलना ही चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘जब भी किसी देश की युवा पीढ़ी परेशान होती है, तो यह चिंता का विषय होता है। हम राजनीति नहीं कर रहे हैं। हम अपने बच्चों के लिए न्याय और पारदर्शी परीक्षाएं चाहते हैं।’’
उन्होंने यह भी कहा कि संसद द्वारा पारित नए प्रश्नपत्र लीक रोधी विधेयक से कोई भी संतुष्ट नहीं है।
लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 इस सप्ताह के शुरू में संसद के दोनों सदनों द्वारा पारित किया गया था। इस विधेयक में न्यूनतम पांच वर्ष और अधिकतम 10 वर्ष की जेल तथा 50 लाख रुपये तक के जुर्माने सहित कड़े दंड का प्रावधान है।
बारामती से सांसद सुले ने कहा कि उन्होंने परीक्षा घोटाले के आरोपों और राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ प्रदर्शनों के दौरान छात्रों, विशेष रूप से छात्राओं के साथ हुई कथित ‘‘अन्यायपूर्ण कार्रवाई’’ की पारदर्शी एवं समयबद्ध जांच के लिए एसआईटी के गठन की मांग की है।
उन्होंने केंद्र सरकार से अपील की कि शिक्षा प्रणाली में सुधार और नीट परीक्षा के आयोजन पर विचार-विमर्श करने के लिए सर्वदलीय बैठक बुलाई जाए या जेपीसी का गठन किया जाए।
भाषा खारी रंजन
रंजन

Facebook


