दिशा सालियान मामले में सीबीआई की प्राथमिकी से हैरान: सुप्रिया सुले
दिशा सालियान मामले में सीबीआई की प्राथमिकी से हैरान: सुप्रिया सुले
पुणे, 14 सितंबर (भाषा) राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने सोमवार को दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान की मौत से जुड़े मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा प्राथमिकी दर्ज किए जाने को “आश्चर्यजनक” बताया और दावा किया कि मौजूदा सरकार ने पहले इस मामले को “बंद कर दिया था।”
बारामती से सांसद सुले ने पुणे के श्रीमंत भाऊसाहेब रंगारी गणपति मंडल में दर्शन के बाद संवाददाताओं से कहा कि वह दिशा सालियान मामले में ताजा घटनाक्रमों को समझने के लिए शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता संजय राउत से बात करेंगी।
सुले ने कहा, “मैं यह सुनकर हैरान थी कि ऐसा (सीबीआई द्वारा प्राथमिकी दर्ज किया जाना) कैसे हुआ, क्योंकि यही सरकार थी जिसने मामले को बंद कर दिया था। मुझे समझ नहीं आ रहा कि क्या हो रहा है।”
इस घटनाक्रम को राजनीतिक साजिश बताए जाने के सवाल पर सुले ने कहा, “कुछ भी संभव है। आपको ‘आईसीई’ याद होगा-आयकर विभाग, सीबीआई और ईडी। इन एजेंसियों का इस्तेमाल लोगों के खिलाफ किया गया और फिर उन लोगों को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया गया। इसलिए, आजकल सरकार में कुछ भी हो सकता है।”
उच्च न्यायालय ने सालियान की मौत की सीबीआई जांच का दो सितंबर को आदेश दिया था। अदालत ने छह साल तक प्राथमिकी दर्ज न करने के लिए मुंबई पुलिस को फटकार लगाते हुए कहा था कि उसकी जांच से ‘‘जवाब से ज्यादा सवाल खड़े होते हैं।’’
अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि इसके बाद 13 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई। हालांकि, इसमें किसी को भी नामजद नहीं किया गया है।
भाषा प्रचेता पारुल
पारुल

Facebook


