ठाणे, नौ अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे में एक पुलिस थाने के अंदर एक सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) पर हमला करने के आरोप में एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना छह अप्रैल को शाम करीब साढ़े सात बजे भिवंडी के शांतिनगर पुलिस थाने में हुई जब एएसआई अरुण गणपत घोलाप ड्यूटी पर थे।
पुलिस के मुताबिक, सईद खान और सिमरन नाम की महिला एक मामले के सिलसिले में पुलिस थाने पहुंचे थे।
अधिकारियों ने बताया कि इसके बाद खान ने कथित तौर पर हंगामा किया और ‘पुलिस थाना परिसर में एक खंभे पर अपना सिर मारा।’’
एक अधिकारी ने शिकायत का हवाला देते हुए कहा, “जब एएसआई घोलाप ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की, तो सिमरन ने उनके बाएं हाथ पर दांतों से काट लिया और उन्हें घायल कर दिया, साथ ही उनके आधिकारिक काम में बाधा भी डाली।”
इस घटना के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
उन्होंने बताया कि सईद खान और सिमरन के अलावा पुलिस ने प्राथमिकी में जब्बो सईद खान और मौसिम सईद खान के नाम भी शामिल किए हैं, जो उस समय पुलिस थाने में मौजूद थे।
पुलिस ने कहा कि मामले की जांच जारी है।
भाषा तान्या सिम्मी
सिम्मी