आगामी महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में भाजपा चार सीट पर चुनाव लड़ेगी

आगामी महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में भाजपा चार सीट पर चुनाव लड़ेगी

आगामी महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में भाजपा चार सीट पर चुनाव लड़ेगी
Modified Date: April 23, 2026 / 03:49 pm IST
Published Date: April 23, 2026 3:49 pm IST

मुंबई, 23 अप्रैल (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अगले महीने होने वाले महाराष्ट्र विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव में नौ सीटों में से चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की अध्यक्षता में राज्य भाजपा की कोर कमेटी ने बुधवार रात को बैठक की। बैठक में चुनाव की रणनीति के साथ-साथ उस परिषद सीट के उपचुनाव पर भी चर्चा की गई, जो प्रज्ञा सातव (कांग्रेस) के एमएलसी पद से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने से खाली हुई है।

एक सूत्र ने बताया, ‘‘ भाजपा नौ में से चार सीटों पर चुनाव लड़ेगी और उपचुनाव में एक उम्मीदवार उतारेगी। संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की गई और चुने गए नामों को मंजूरी के लिए केंद्रीय नेतृत्व को भेजा जाएगा।’’

पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और विधान परिषद की उपाध्यक्ष नीलम गोरहे सहित नौ परिषद सदस्य 13 मई को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के अनुसार, मतदान 12 मई को होगा। मतगणना उसी दिन शाम पांच बजे से शुरू होगी और पूरी प्रक्रिया 13 मई तक पूरी होने की उम्मीद है।

विधानसभा के सदस्य इन दस सदस्यों को चुनने के लिए मतदान करेंगे।

विधानसभा में मौजूदा स्थिति को देखते हुए, भाजपा, शिवसेना और राकांपा से मिलकर बने सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन को 10 में से नौ सीटें जबकि विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) को केवल एक सीट मिलने की संभावना है।

द्विवार्षिक चुनाव में एक सीट जीतने के लिए 29 वोटों का कोटा निर्धारित किया गया है, जबकि उपचुनाव के लिए 144 वोटों की आवश्यकता होगी। यदि बारामती और राहुरी विधानसभा क्षेत्रों से नव निर्वाचित सदस्य मतदान के पात्र हो जाते हैं, तो उपचुनाव वाली सीट के लिए कोटा बढ़कर 145 हो सकता है।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, अधिसूचना 23 अप्रैल को जारी की जाएगी, जबकि नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है। नामांकन पत्रों की जांच दो मई को होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तिथि चार मई है।

भाषा शोभना नरेश

नरेश


लेखक के बारे में