मजाक में फेंके गए चाकू से लाउंज के खजांची की मौत; सहकर्मी हत्या के आरोप में हिरासत में
मजाक में फेंके गए चाकू से लाउंज के खजांची की मौत; सहकर्मी हत्या के आरोप में हिरासत में
नागपुर, आठ मई (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में एक लाउंज में सहकर्मी द्वारा मजाक में फेंका गया चाकू लगने से 26 वर्षीय खजांची की मौत हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने मजाक में ‘फोल्डेबल चाकू’ खजांची की तरफ फेंका जो हवा में खुल गया और पीड़ित की छाती में धंस गया।
यह घटना बृहस्पतिवार शाम करीब 4:30 बजे शहर के धरमपेठ इलाके में स्थित एक लाउंज में घटी।
पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अवधेशकुमार कृष्णकुमार के रूप में हुई, जो उत्तर प्रदेश के मूल निवासी थे, जबकि आरोपी आयुष सुखबीरसिंह नेगी (24) उत्तराखंड का निवासी है।
पुलिस ने बताया कि आयुष को हिरासत में ले लिया गया है।
दोनों वेस्ट हाई कोर्ट रोड स्थित टोक्यो बार लाउंज में काम करते थे और हिलटॉप इलाके में साथ रहते थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया, “दोनों दोस्त आपस में मजाक कर रहे थे तभी अभियुक्त ने अवधेशकुमार की ओर एक ‘फोल्डेबल’ चाकू फेंका। हालांकि, चाकू हवा में ही खुल गया और पीड़ित की छाती में जा लगा, जिसके बाद वह गिर पड़ा।”
उन्होंने बताया कि आयुष और अन्य लोग अवधेशकुमार को तुरंत अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया, “हमने लाउंज के सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।”
भाषा तान्या प्रशांत
प्रशांत

Facebook


