‘मामला लीगल है’ का दूसरा सीजन तीन अप्रैल को होगा रिलीज: नेटफ्लिक्स
‘मामला लीगल है’ का दूसरा सीजन तीन अप्रैल को होगा रिलीज: नेटफ्लिक्स
मुंबई, पांच मार्च (भाषा) लोकप्रिय कॉमेडी सीरीज ‘मामला लीगल है’ का दूसरा सीजन तीन अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर प्रसारित होगा। ओटीटी मंच ने बृहस्पतिवार को यह घोषणा की।
‘पोशम पा पिक्चर्स’ द्वारा निर्मित नए सीजन में काल्पनिक पटपड़गंज जिला अदालत के अराजक और हास्यपूर्ण मामलों का एक अन्य दौर देखने को मिलेगा, जिसमें व्यंग्य और अदालत की रोजमर्रा की कार्यवाही का मिश्रण होगा।
इस सीरीज में अभिनेता-राजनेता रवि किशन वकील वी.डी. त्यागी की भूमिका में हैं जबकि निधि बिष्ट, नायला ग्रेवाल, अनंत जोशी और अंजुम बत्रा भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
आगामी सीजन में कुशा कपिला और दिनेश लाल यादव जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे।
दूसरे सीजन में किशन का किरदार त्यागी न्यायाधीश बन चुका है।
अभिनेता ने कहा कि पहले सीजन को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया से वह अभिभूत हैं और इस भूमिका में वापसी को लेकर उत्साहित हैं।
किशन ने कहा, “मुझे विश्वास नहीं हो रहा कि मैं यह कह रहा हूं लेकिन मैं अदालत जाने के लिए बेताब हूं। ‘मामला लीगल है’ के पहले सीजन को दर्शकों से जो प्यार और सराहना मिली, उसके लिए मैं उनका जितना भी धन्यवाद करूं कम है। इस सीजन में, त्यागी एक न्यायाधीश के रूप में खुद को साबित करने के लिए बेताब है लेकिन यह कहना आसान है, करना मुश्किल। यहां हर मामला गंभीर होता है, पर तरीका बिलकुल हटके है।”
उन्होंने एक बयान में बताया, “”मैं दर्शकों का पटपड़गंज जिला न्यायालय के पागलपन भरे माहौल में वापस स्वागत करने के लिए बेताब हूं। जैसा कि हमने पहले सीजन में कहा था ‘ये वकील सिर्फ कोट के काले हैं, दिल के नहीं’। ”
भाषा जितेंद्र नरेश
नरेश
नरेश

Facebook


