आरएसएस मुख्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय और नगर निकायों को धमकी भरे ईमेल; जांच जारी

आरएसएस मुख्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय और नगर निकायों को धमकी भरे ईमेल; जांच जारी

आरएसएस मुख्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय और नगर निकायों को धमकी भरे ईमेल; जांच जारी
Modified Date: June 10, 2026 / 04:06 pm IST
Published Date: June 10, 2026 4:06 pm IST

मुंबई, 10 जून (भाषा) महाराष्ट्र के नागपुर में स्थित आरएसएस मुख्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय तथा मुंबई और पुणे के महापौर कार्यालयों को बुधवार को बम से उड़ाने की धमकी वाले ईमेल प्राप्त हुए। इस कारण कुछ स्थानों पर इमारतों को खाली कराया गया और सुरक्षा जांच एवं तलाशी अभियान चलाए गए।

नगर प्रशासन अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

नागपुर की महापौर नीता ठाकरे को ईमेल मिलने के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया जिसमें दावा किया गया था कि महल क्षेत्र स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मुख्यालय और रेशिमबाग स्थित डॉ. हेडगेवार स्मृति भवन में विस्फोटक उपकरण लगाए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि धमकी मिलने के बाद बम की पहचान करने वाले एवं निरोधक दस्ते (बीडीडीएस) को तुरंत मौके पर भेजा गया और पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई। जांच के दौरान कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

उन्होंने कहा कि सुरक्षा जांच को और सख्त कर दिया गया है तथा एहतियात के तौर पर सभी संवेदनशील क्षेत्रों की भी जांच की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) को राज्य की राजधानी में कई स्थानों पर विस्फोट की “चेतावनी” देने वाले ईमेल प्राप्त हुए, जिनमें महापौर कार्यालय और मुख्यमंत्री कार्यालय शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि ये ईमेल नगर निगम के कई आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजे गए थे जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच शुरू कर दी।

अधिकारियों के अनुसार, ईमेल में महापौर कार्यालय, मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ), बीएसई भवन और नगर निगम कार्यालयों में बम विस्फोट की चेतावनी दी गई थी।

बीएमसी अधिकारियों ने बताया कि इनमें कथित तौर पर खालिस्तान का उल्लेख था और विभिन्न संगठनों एवं संस्थानों को निशाना बनाते हुए भड़काऊ और धमकी भरा संदेश शामिल था।

ईमेल में दावा किया गया था कि एक आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) से लदी कार का उपयोग मुंबई महापौर कार्यालय में दोपहर 1:11 बजे विस्फोट करने के लिए किया जाएगा। इनमें कथित तौर पर बीएसई भवन, मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) और बीएमसी कार्यालयों को भी तय समय पर बम से उड़ाने की धमकियां शामिल थीं।

नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि पुणे में भी नगर निगम के मुख्य कार्यालय और महापौर कार्यालय को बम विस्फोट की धमकी वाला ईमेल मिला। इसके बाद पूरे मुख्य प्रशासनिक भवन को खाली करा लिया गया और बम निरोधक दस्ते द्वारा गहन तलाशी अभियान चलाया गया।

पुलिस और नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, स्वयं को ‘खालिस्तान नेशनल आर्मी’ बताने वाले एक समूह की ओर से भेजे गए कथित ईमेल में पुणे नगर निगम (पीएमसी) के महापौर कार्यालय में दोपहर 1:11 बजे, विधान भवन में 3:11 बजे और नागपुर स्थित आरएसएस मुख्यालय में 3:11 बजे आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) सिलसिलेवार तरीके से विस्फोटों की धमकी दी गई थी।

उन्होंने बताया कि ईमेल में दावा किया गया था कि आरएसएस ने 1984 के ऑपरेशन ब्लूस्टार और ऑपरेशन वुडरोज़ का समर्थन किया था। ईमेल में ‘बदला’ लेने की बात कही गई थी और साथ ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) तथा आरएसएस के ‘अंत’ का भी आह्वान किया गया था।

अधिकारी ने बताया कि तलाशी अभियान पूरा होने और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा परिसर को सुरक्षित घोषित किए जाने तक भवन कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए बंद रहेगा।

उन्होंने कहा कि अगले आदेश तक पुणे नगर निगम (पीएमसी) परिसर में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया है।

उन्होंने बताया कि ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

भाषा तान्या नरेश

नरेश


लेखक के बारे में