नागपुर, आठ जुलाई (भाषा) मानव बस्तियों में जाकर कई बार हमले कर चुकी बाघिन को सुरक्षित रूप से पकड़ कर महाराष्ट्र के नागपुर जिले में स्थित पेंच बाघ अभयारण्य (पीटीआर) में छोड़ दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि टीयूआई-21 नामक इस बाघिन को मंगलवार को पूरी सावधानी के साथ छोड़ा गया, ताकि वह मानव बस्तियों से दूर प्राकृतिक वातावरण में आसानी से वापस लौट सके।
पीटीआर द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि यह अभियान बाघिन के व्यवहार को देखते हुए चलाया गया। विशेष रूप से, उसके बार-बार मानव बस्तियों में आने और मवेशियों का शिकार करने के इतिहास को देखते हुए यह कदम उठाना जरूरी हो गया था।
इसके बाद अधिकारियों ने किसी भी संभावित मानवीय हमले को रोकने के लिए हस्तक्षेप किया। मंगलवार को उस बाघिन को पौनी क्षेत्र के उसरीपार बीट से पकड़ लिया गया।
विज्ञप्ति के अनुसार, व्यापक चिकित्सा जांच के बाद बाघिन को पेंच की सिल्हरी क्षेत्र के बेहद अंदरूनी इलाके में छोड़ दिया गया।
विज्ञप्ति में कहा गया कि यह अभियान राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के प्रोटोकॉल के सख्त पालन के तहत चलाया गया, जिससे वन्यजीवों के कल्याण और आम लोगों की सुरक्षा के उच्चतम मानकों को सुनिश्चित किया जा सके।
भाषा तान्या रंजन
रंजन