कॉजपा का विरोध-प्रदर्शन ‘प्रायोजित; जल्द पर्दाफाश होगा : महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख

Ads

कॉजपा का विरोध-प्रदर्शन ‘प्रायोजित; जल्द पर्दाफाश होगा : महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख

  •  
  • Publish Date - July 22, 2026 / 04:48 PM IST,
    Updated On - July 22, 2026 / 04:48 PM IST

नागपुर, 22 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने शिक्षा प्रणाली में कथित अनियमितताओं और नीट प्रश्नपत्र ‘लीक’ मामले को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व वाले आंदोलन को बुधवार को “प्रायोजित” करार दिया।

चव्हाण ने दावा किया कि इन विरोध-प्रदर्शनों के पीछे जिन लोगों का हाथ है, उनका अगले कुछ दिनों में पर्दाफाश हो जाएगा।

उन्होंने नागपुर में एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में कहा, “यह (दिल्ली में कॉजपा के नेतृत्व वाला विरोध-प्रदर्शन) एक प्रायोजित आंदोलन है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में विकास की एक बड़ी लहर चल रही है।”

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) का प्रश्नपत्र लीक होने के कथित मामले में सात-आठ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

उन्होंने कहा, “इन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और वे जेल में हैं।”

चव्हाण ने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों के अलग-अलग एजेंडे हैं और वे इस विरोध-प्रदर्शन में अपने लिए मौके तलाशने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “कुछ ही दिनों में पता चल जाएगा कि इस आंदोलन को किसने प्रायोजित किया है और यह बात जनता के सामने आ जाएगी।”

चव्हाण ने नागपुर में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के जन्मदिन के मौके पर आयोजित ‘महायज्ञ’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

परीक्षा में कथित अनियमितताओं के लिए जवाबदेही, शिक्षा प्रणाली में सुधार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर 20 जून को कॉजपा के नेतृत्व में विरोध-प्रदर्शन शुरू हुए थे।

भाषा पारुल नरेश

नरेश