मुंबई में संगीत कार्यक्रम में मादक पदार्थ के अधिक सेवन के कारण दो छात्रों की मौत
मुंबई में संगीत कार्यक्रम में मादक पदार्थ के अधिक सेवन के कारण दो छात्रों की मौत
मुंबई, 19 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के मुंबई में एक कार्यक्रम के दौरान मादक पदार्थों के अत्यधिक सेवन से हुईं मौतों के मामले में रविवार को एक ‘बाउंसर’ (सुरक्षाकर्मी) को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बाउंसर पर आरोप है कि उसने बिना टिकट दो लोगों को मादक पदार्थ बेचने के लिए अंदर जाने दिया।
शहर के उत्तर-पश्चिम इलाके गोरेगांव में 11 अप्रैल को हुए संगीत कार्यक्रम में शराब और ‘एक्स्टेसी’ की गोलियां खाने बाद एमबीए के दो छात्रों—एक युवक और एक युवती— की मौत हो गई। दोनों की मौत 12 अप्रैल को हुई, जबकि एक छात्र का बॉम्बे अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
वनराई थाने के अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम में सुरक्षा टीम में शामिल प्रदीप अरविंद गुप्ता ने कथित मादक पदार्थ तस्करों आयुष साहिटिया और विनीत गरलानी को बिना टिकट अंदर जाने दिया।
अधिकारी ने कहा, “गुप्ता ने दोनों से 1000-1000 रुपये लेकर उन्हें अंदर जाने दिया। उसकी गिरफ्तारी के बाद इस मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या 10 हो गई है। बाकी नौ में छह कथित मादक पदार्थ आपूर्तिकर्ता और कार्यक्रम के आयोजन से जुड़े तीन लोग शामिल हैं।”
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए 10 लोगों को नाम आयुष साहिटिया, प्रतीक पांडे, रौनक खंडेलवाल, आनंद पटेल, विनीत गरलानी, शुभ अग्रवाल, आकाश सनाल, सनी जैन, बालकृष्ण कुरुप और प्रदीप गुप्ता हैं।
अधिकारी के अनुसार, मृतक लगभग 20-22 छात्रों के एक समूह का हिस्सा थे, जो इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
उन्होंने कहा, “प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कुछ लोगों ने कार्यक्रम स्थल में प्रवेश करने से पहले ही एक्स्टेसी ली थी, जबकि कार्यक्रम के दौरान शराब भी पी गई। कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें जोगेश्वरी व अन्य निजी अस्पतालों में ले जाया गया।”
इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या) और अन्य संबंधित धाराओं के तहत वनराई थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
भाषा जोहेब रंजन
रंजन

Facebook


