राजग को वोट दें जो ‘गुंडाराज’ और ‘परिवारवाद की राजनीति’ को खत्म कर देगा: योगी आदित्यनाथ
राजग को वोट दें जो ‘गुंडाराज’ और ‘परिवारवाद की राजनीति’ को खत्म कर देगा: योगी आदित्यनाथ
(तस्वीरों के साथ)
औरंगाबाद, 15 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बिहार के मतदाताओं से राज्य में ‘‘गुंडा राज’’ और ‘‘परिवारवाद की राजनीति’’ को खत्म करने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को वोट देने की अपील की।
बिहार के औरंगाबाद में भाजपा प्रत्याशी सुशील कुमार सिंह के पक्ष में एक रैली को संबोधित करते हुए योगी ने कहा, ‘‘राजद शासनकाल में बिहार के लोगों के लिए अपनी पहचान का संकट पैदा हो गया था और वही गुंडाराज को फिर से लागू करने का उन्होंने (राजद नेताओं ने) प्रयास किया। देखिए उत्तरप्रदेश में कैसे गुंडों का उपचार हो रहा है। वहां अगर बेटियों और व्यापारियों के साथ कोई छेड़छाड़ और परेशान करता है तो उसे वहां उल्टा लटका दिया जाता है। आज उत्तरप्रदेश में माफियाओं की स्थिति क्या है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमने एक तरफ अयोध्या में श्रद्धालुओं के लिए भव्य राम मंदिर बनवाया और दूसरी तरफ बड़े-बड़े माफियाओं और गुंडो को राम नाम सत्य की यात्रा पर भेजने का काम किया। यह कार्य केवल भाजपा और राजग ही कर सकता है। इसलिए मोदी जी अपना तीसरा कार्यकाल मांगने के लिए हम इस लोकसभा चुनाव में आपके पास आए हैं।’’
समाजवादी पार्टी (सपा) का नाम लिये बिना उसकी ओर इशारा करते हुए
योगी ने कहा, ‘‘यहां के राजद की तरह हमारे उत्तरप्रदेश में भी शासन करने वाला एक परिवार था, जिसने राज्य में गुंडाराज फैलाया था। हमने इसे समाप्त कर दिया है। आज उत्तरप्रदेश में कोई कर्फ्यू नहीं है, कोई दंगा नहीं है, वहां सब कुछ ठीक है। ’’
योगी ने कहा, ’’मोदी जी के तीसरे कार्यकाल का मतलब विकसित भारत की संकल्पना को आगे बढ़ाना है। कांग्रेस, राजद और उनके अन्य सहयोगी दलों ने देश में जो बड़े-बड़े गड्ढे बनाए थे, अब तक तो हम लोगों ने उन्हें पाटने और उनके कचरों को साफ करने में समय लगाया है और अब रफ्तार बढ़ा करके भारत को वैश्विक नेता के तौर पर स्थापित करने का समय आ गया है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक नेता के तौर पर भारत बनने का मतलब एक आत्मनिर्भर भारत होगा जहां युवा आत्मनिर्भर होंगे, महिलाएं स्वावलंबी होंगी, व्यापारी सुरक्षित होंगे और उनका व्यापार फल रहा होगा। दुनिया के अंदर उनकी अपनी धमक होगी तथा भारत दुनिया का पिछलग्गु नहीं, बल्कि सबसे अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में विश्व को नेतृत्व प्रदान कर रहा होगा । ऐसे भारत के लिए मोदी जी को तीसरा कार्यकाल दिया जाना आवश्यक है ।’’
योगी ने कहा, ‘‘ सारी समस्याओं का समाधान मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी ने किया है। देश को समस्याएं देने वाले कांग्रेस और राजद के ही लोग हैं। आतंकवाद, भ्रष्टाचार, गरीबों की हकमारी और दंगे भी इन्होंने ही दिए। हर प्रकार की समस्याएं इन्होंने दी और समाधान मोदी जी ने दिया है इसलिए आप राजद से कोई उम्मीद मत कीजिए ।’’
उन्होंने इस चुनाव को ‘नेशन फर्स्ट’ बनाम ‘फैमली फर्स्ट’ बताया और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर प्रहार करते हुए कहा, ‘‘आपने देखा होगा कि वह परिवार तक की सीमित रहते हैं। परिवार के बाहर उनकी सोच है ही नहीं। सीट मिलनी है तो उनके परिवार के किसी को मिलनी है, योजना का लाभ मिलना है तो उनके परिवार को मिलना है। एक परिवार यहां है और एक परिवार उत्तरप्रदेश में भी है। उत्तरप्रदेश की जनता पहले ही उनका जवाब दे चुकी है और बिहार के लोगों को भी उन्हें जवाब देना होगा।’’
योगी ने कहा कि कांग्रेस और राजद के लोग पहले तो भगवान राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा करते थे और अब जबकि अयोध्या में रामलला विराजमान हो गए तो वे कहते हैं कि राम सबके हैं, इसलिए उनपर विश्वास नहीं कीजिए , ये धोखा देंगे, धोखा देकर फिर से बिहार वासियों के सामने पहचान का संकट खड़ा करेंगे। उन्होंने कहा कि पहचान का संकट खड़ा करने वालों को एक-एक वोट के लिए तरसा दीजिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल के दौरान कश्मीर में आतंकवाद की जड़ अनुच्छेद 370 को समाप्त करके कश्मीर को भारत के मुख्य धारा के साथ जोड़ा गया।
योगी ने कहा कि देश में नक्सलवाद की समस्या का काफी हद तक समाधान हो चुका है, जो कुछ बचे होंगे वे भी अगले पांच वर्षों के अंदर स्वाहा हो जाएंगे।
बिहार और उत्तरप्रदेश के बीच चोली-दामन का संबंध होने का उदाहरण देते हुए योगी ने कहा ,‘‘ हम लोग किसी के साथ अपने संबोधन में सबसे पहले जय सीताराम बोलते हैं। हम पहले माता सीता का नाम लेते हैं, तब भगवान राम नाम का नाम लेते हैं ।’’
उन्होंने कहा कि अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के समय सबसे पहला उपहार बिहार से ही गया था जिसके लिए वह यहां के लोगों को धन्यवाद देते हैं ।
बिहार के 40 संसदीय क्षेत्रों में से एक औरंगाबाद में 19 अप्रैल को (पहले चरण में) मतदान होगा।
भाषा अनवर
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


