रिची मेहता की ‘फूलन’ टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित होगी
रिची मेहता की ‘फूलन’ टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित होगी
मुंबई, 21 जुलाई (भाषा) फिल्मकार रिची मेहता की फिल्म ‘फूलन’ का विश्व प्रीमियर 51वें टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (टीआईएफएफ) में होगा। यह फिल्म चंबल की कुख्यात दस्यु से नेता बनीं फूलन देवी के जीवन पर आधारित है।
एक विज्ञप्ति के अनुसार, इस हिंदी फिल्म का प्रदर्शन 16 सितंबर को प्रिंसेस ऑफ वेल्स थिएटर में महोत्सव के ‘विशेष प्रस्तुति’ खंड के तहत किया जाएगा।
रिची मेहता द्वारा लिखित और निर्देशित इस फिल्म का निर्माण नमः पिक्चर्स के बैनर तले शरीन मंत्री केडिया, किशोर अरोड़ा, कंवल कोहली और मेहता ने किया है।
वर्ष 1997 में प्रकाशित पुस्तक ‘आई, फूलन-द ऑटोबायोग्राफी ऑफ इंडियाज़ बैंडिट क्वीन’ से प्रेरित यह फिल्म फूलन देवी के जीवन के उस निर्णायक अध्याय को पर्दे पर उतारती है, जब उन्हें मारने के इरादे से हजारों हथियारबंद लोगों ने एक गांव को घेर लिया था।
भारत के ग्रामीण क्षेत्र की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म गरीब घर की 17 वर्षीय लड़की के सफर को दर्शाती है, जो आगे चलकर देश की सबसे कुख्यात दस्युओं में से एक बन गई।
निर्माताओं के अनुसार, फिल्म की कहानी 2,000 से अधिक हथियारबंद लोगों द्वारा किए गए 48 घंटे तक चले भीषण घेराव की घटना पर केंद्रित है।
महोत्सव में प्रदर्शन के बाद ‘फूलन’ का प्रीमियर प्राइम वीडियो पर होगा। फिल्म में स्नेहा कुमारी ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म में अनुराग ठाकुर, विक्रम प्रताप सिंह, आकाश दहिया, प्रतीक पचौरी और देव दत्त बुधोलिया भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
दुनिया के प्रमुख फिल्म आयोजनों में शामिल टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव इस वर्ष 10 से 20 सितंबर तक आयोजित किया जाएगा।
भाषा आशीष पवनेश
पवनेश

Facebook


