फिल्म जगत ने हमारा साथ दिया है, हम आभारी हैं: राजपाल यादव की पत्नी राधा ने कहा
फिल्म जगत ने हमारा साथ दिया है, हम आभारी हैं: राजपाल यादव की पत्नी राधा ने कहा
मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) अभिनेता राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने बुधवार को कहा कि ‘चेक बाउंस’ मामलों में तिहाड़ जेल में आत्मसमर्पण करने के बाद फिल्म उद्योग के कई लोग हास्य कलाकार के समर्थन में आगे आए हैं।
बकाया राशि चुकाने के लिए दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा और समय देने की याचिका खारिज किए जाने के बाद राजपाल यादव को तिहाड़ जेल भेज दिया गया था।
अभिनेता को करीब नौ करोड़ रुपये का भुगतान करना है।
यादव को ‘मुझसे शादी करोगी’, ‘वक्त’, ‘फिर हेरा फेरी’, ‘पार्टनर’, ‘भूल भुलैया’, ‘हंगामा’ और ‘चुप चुप के’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाता है।
फिल्म उद्योग से अभिनेता सोनू सूद, गुरमीत चौधरी और संगीतकार राव इंदरजीत यादव सहित कई लोगों ने परिवार को आर्थिक सहायता की पेशकश की तथा अन्य लोगों से भी आगे आने की अपील की।
राधा यादव ने पीटीआई-भाषा से कहा, “सब लोग उनके साथ खड़े हैं। फिल्म उद्योग ने बहुत सहयोग किया है। जो भी मदद के लिए आगे आ रहे हैं, हम सबका बहुत धन्यवाद करते हैं।”
राजपाल यादव के 25 वर्षों से मैनेजर रहे गोल्डी जैन ने कहा कि प्रमुख अभिनेताओं से लेकर निर्देशकों और निर्माताओं तक, कई लोगों ने सहायता की पेशकश की है।
मीडिया में आई एक खबर में दावा किया गया कि अभिनेता सलमान खान, अजय देवगन, वरुण धवन और फिल्म निर्माता डेविड धवन ने भी आर्थिक मदद की पेशकश की है।
जैन ने कहा, “लोगों ने मदद के लिए पहल की है। सभी ने मदद का वादा किया है, इसका मतलब सिर्फ आर्थिक मदद नहीं है। यह सही है कि (सलमान, अजय, वरुण और डेविड धवन) इन लोगों ने फोन किया है। किस रूप में और कैसे मदद करेंगे, यह अभी तय होना बाकी है। वे सभी राजपाल भाई के शुभचिंतक हैं।”
उन्होंने कहा, “जमानत पर सुनवाई कल है और अगर सब ठीक रहा तो हम संवाददाता सम्मेलन करेंगे।”
यादव ने वर्ष 2010 में अपने निर्देशन में बनी पहली फिल्म ‘अता पता लापता’ के लिए मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से पांच करोड़ रुपये उधार लिए थे, लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर असफल रही।
आत्मसमर्पण से पहले यादव ने ‘बॉलीवुड हंगामा’ से कहा था कि उनके पास बकाया राशि चुकाने के लिए पैसे या कोई अन्य साधन नहीं है। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने अपने प्रसिद्ध सहकर्मियों से मदद मांगी, तो अभिनेता ने कहा था, “इंडस्ट्री में हर कोई अपने लिए है।”
दिल्ली उच्च न्यायालय ने अपने हालिया फैसले में कहा कि यादव को उनके खिलाफ दर्ज सातों मामलों में प्रत्येक में 1.35 करोड़ रुपये का भुगतान करना है और निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल के पास पहले जमा की गई राशि शिकायतकर्ता के पक्ष में जारी की जाए।
अभिनेता सोनू सूद उद्योग जगत से सबसे पहले यादव के समर्थन में आगे आए। उन्होंने कहा कि वह राजपाल यादव को अपनी एक फिल्म में लेंगे और इसके लिए अग्रिम भुगतान के रूप में ‘साइनिंग अमाउंट’ दे रहे हैं। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) के स्नातक यादव कई लोकप्रिय बॉलीवुड कॉमेडी फिल्मों का अहम हिस्सा रहे हैं।
सूद ने अन्य लोगों से भी आगे आने की अपील करते हुए कहा, “भविष्य के काम के बदले समायोजित होने वाला एक छोटा-सा ‘साइनिंग अमाउंट’ कोई दान नहीं, बल्कि सम्मान है। जब हममें से कोई कठिन दौर से गुजर रहा हो… यही तरीका है दिखाने का कि हम सिर्फ एक इंडस्ट्री नहीं, उससे बढ़कर हैं।”
भाषा तान्या नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


