हमें अपने लोगों ने ही धोखा दिया: पुणे के मृत कारोबारी के दादा

हमें अपने लोगों ने ही धोखा दिया: पुणे के मृत कारोबारी के दादा

हमें अपने लोगों ने ही धोखा दिया: पुणे के मृत कारोबारी के दादा
Modified Date: June 27, 2026 / 10:29 pm IST
Published Date: June 27, 2026 10:29 pm IST

पुणे, 27 जून (भाषा) पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल के दादा देवीचंद अग्रवाल शनिवार को पीड़ित के लिए न्याय की मांग को लेकर निकाले गये ‘कैंडललाइट मार्च’ में शामिल हुए। केतन अग्रवाल की कथित तौर पर उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने लोहागढ़ किले से धक्का देकर हत्या कर दी थी।

पुणे के बाहरी इलाके गहुंजे में एक हाउसिंग सोसाइटी में देवीचंद अग्रवाल ने कहा, ‘हमारे अपने ही लोगों ने हमें धोखा दिया है, जिन्हें हम कई सालों से जानते थे।’ वहां कैंडललाइट मार्च के लिए बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए थे।

इस कार्यक्रम में केतन अग्रवाल के परिजन, दोस्त और बेलमोंडो सोसाइटी के लोग शामिल हुए और उन्होंने न्याय की मांग की। वहीं पुणे ग्रामीण पुलिस ने सिया गोयल के माता-पिता और भाई से 10 घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की।

देवीचंद अग्रवाल ने कहा कि उनका मानना है कि सिया गोयल के परिवार ने उस पर केतन अग्रवाल से शादी करने के लिए दबाव डाला था।

उन्होंने रोते हुए कहा, ‘हम चाहते हैं कि पुलिस इस शादी के लिए जिम्मेदार सभी लोगों की जांच करे। इन दोनों आरोपियों (सिया और चेतन) को मौत की सजा मिलनी चाहिए।’

मृतक की मां ने भी न्याय की मांग की और दोनों आरोपियों के लिए मौत की सजा के साथ-साथ सिया गोयल के परिजनों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की।

केतन के पिता विशाल अग्रवाल ने कहा कि उनका परिवार केवल न्याय चाहता है। उन्होंने कहा, ‘हम अपने बेटे के लिए न्याय मिलने तक लड़ाई जारी रखेंगे।’

केतन की मंगेतर सिया गोयल (20) और उसके प्रेमी चेतन चौधरी (22) पर आरोप है कि उन्होंने 18 जून को पुणे जिले के मावल तालुका स्थित लोहागढ़ किले की एक चट्टान से केतन को खाई में धक्का दे दिया था।

पुलिस के मुताबिक, सिया और केतन (25) की शादी नवंबर में होने वाली थी, लेकिन सिया यह शादी नहीं करना चाहती थी। आरोप है कि सिया और चेतन ने केतन को रास्ते से हटाने की साजिश रची और उस योजना को अंजाम दिया।

भाषा शुभम सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में