प्रधानमंत्री आवास के सामने क्यों धरना किया? यह गैरजिम्मेदाराना कृत्य : शिंदे ने राहुल के प्रदर्शन पर कहा
प्रधानमंत्री आवास के सामने क्यों धरना किया? यह गैरजिम्मेदाराना कृत्य : शिंदे ने राहुल के प्रदर्शन पर कहा
मुंबई, 22 जुलाई (भाषा) महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आवास के बाहर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा मंगलवार को किये गए विरोध प्रदर्शन पर बुधवार को सवाल उठाते हुए जानना चाहा कि क्या देश में अराजकता फैलाने की कोई कोशिश की जा रही थी।
शिंदे ने कहा कि जिम्मेदारी से व्यवहार करने के बजाय, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने प्रधानमंत्री आवास के बाहर विरोध-प्रदर्शन करके एक गलत मिसाल कायम की।
सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सहयोगी शिंदे ने पूछा, ‘‘राहुल गांधी आखिर ऐसी जगह लोगों को एकत्र करके क्या हासिल करना चाहते थे, जहां विरोध-प्रदर्शन की अनुमति नहीं है? क्या प्रधानमंत्री आवास के पास कोई गड़बड़ी फैलाने की साजिश थी? क्या देश में अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही थी?’’
शिवसेना अध्यक्ष शिंदे ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में कांग्रेस के लोकसभा सांसद पर एक महत्वपूर्ण संवैधानिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘लोगों को ऐसी जगह बुलाना जहां विरोध प्रदर्शन की अनुमति नहीं है, अत्यंत गैरजिम्मेदाराना है। यह छात्रों को ढाल बनाकर राजनीति करने का प्रयास था।’’
शिंदे ने कहा कि मई में चिकित्सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा(नीट)का प्रश्नपत्र लीक होने की घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी, लेकिन केंद्र सरकार ने इसमें शामिल लोगों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की।
शिंदे ने जोर देकर कहा, ‘‘सरकार ने छात्रों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए काम किया, लेकिन विपक्ष ने इस मुद्दे का भी राजनीतिकरण करने की कोशिश की।’’
भाषा धीरज रंजन
रंजन

Facebook


