रेलकर्मी के गलत सिग्नल से ट्रेन उस प्लेटफार्म पर पहुंची जहां पहले से गाड़ी खड़ी थी
रेलकर्मी के गलत सिग्नल से ट्रेन उस प्लेटफार्म पर पहुंची जहां पहले से गाड़ी खड़ी थी
मुंबई, 21 अप्रैल (भाषा) छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएएमटी) पर रेलकर्मी द्वारा मंगलवार दोपहर को दिए गए गलत सिग्नल के कारण लोकल ट्रेन उस प्लेटफार्म पर जा पहुंची जहां पहले से ही ट्रेन खड़ी थी। हालांकि गनीमत यह रही कि यह ट्रेन से कुछ दूर पहले ही ठहर गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
दोपहर तीन बजकर 15 मिनट पर हुई इस घटना के कारण मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर सेवाएं प्रभावित हुईं और ट्रेनों के संचालन में देरी हुई।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद स्टेशन मास्टर को निलंबित कर दिया गया है।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बदलापुर जाने वाली ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर चार के बजाय गलती से प्लेटफॉर्म नंबर पांच पर जाने का सिग्नल दे दिया गया, जबकि वहां पर पहले से ही खोपली जाने वाली एक अन्य ट्रेन खड़ी थी।
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला ने बताया कि ट्रेन ने सीएसएमटी का ‘होम सिग्नल’ पार कर लिया था, जो प्लेटफॉर्म से करीब 270 मीटर पहले स्थित है और वह ‘इंटरनल होम सिग्नल’ पर रुक गई, जो लाल था।
नीला ने कहा, “दोनों ट्रेनों के बीच पर्याप्त दूरी थी। उपनगरीय प्लेटफॉर्म के लिए सीएसएमटी का इंटरनल होम सिग्नल लाल था और चालक ने उसी के अनुसार ट्रेन रोक दी।”
उन्होंने बताया कि बदलापुर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच की दूरी करीब 130 मीटर थी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, गलत सिग्नल दिए जाने के कारण ट्रेन को एक व्यस्त प्लेटफॉर्म की ओर भेज दिया गया था।
इस घटना के कारण मुख्य लाइन पर संचालन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। बाद में ट्रेन को पीछे करके सही मार्ग पर लाया गया, जिसके बाद सेवाएं बहाल कर दी गईं।
नीला ने पीटीआई-भाषा को बताया, “लोकल ट्रेन को पीछे हटाया गया” और इस दौरान प्लेटफॉर्म पांच से आठ तक की ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई थीं।
यह लगातार दूसरा दिन है जब मुख्य लाइन की सेवाएं प्रभावित हुई हैं। एक दिन पहले ठाणे जिले के डोंबिवली स्टेशन के पास कार शेड से निकल रही एक खाली लोकल ट्रेन का डिब्बा पटरी से उतर गया था।
सुबह के व्यस्त समय में सेवाएं 15 से 20 मिनट तक देरी से चलीं और शाम के समय भी देरी जारी रहने की आशंका है।
भाषा राखी राखी पवनेश
पवनेश

Facebook


