ठाणे के भिवंडी रोड स्टेशन पर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच खाली जगह में गिरने से युवती की मौत
ठाणे के भिवंडी रोड स्टेशन पर ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच खाली जगह में गिरने से युवती की मौत
ठाणे, 23 अप्रैल (भाषा) महाराष्ट्र के ठाणे जिले के भिवंडी रोड रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच खाली जगह में गिरने से 19 वर्षीय एक युवती की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार शाम सात बजकर 25 मिनट पर प्लेटफार्म नंबर चार पर हुई जब ट्रेन की गति धीमी थी।
युवती की पहचान सूरत निवासी जिनीशा खंडेलवाल के रूप में हुई है। वह पुणे में एक विवाह समारोह से लौट रही थी और गुजरात वापसी से पहले भिवंडी के अंजुर फाटा इलाके में अपनी एक रिश्तेदार से मिलने जा रही थी।
परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित रूप से उतर गए, लेकिन जिनीशा चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करते समय अपना संतुलन खो बैठी और फिसल गई।
डोम्बिविली राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के वरिष्ठ निरीक्षक बाबासाहेब थोराट ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पीड़िता ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच के खाली स्थान में फंस गई और ट्रेन के नीचे आ गई। उसे सिर में गंभीर चोट आई थीं।’’
थोराट ने बताया कि युवती को पास के अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत लाया हुआ घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और मृतका के परिजनों ने दावा किया कि यात्रियों के अनुचित व्यवहार ने त्रासदी को और भी भयावह बना दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्लेटफार्म पर इंतजार कर रहे यात्री ट्रेन के पूरी तरह रुकने से पहले ही जल्दबाजी में उसमें चढ़ने की कोशिश कर रहे थे, जिससे उतरने की कोशिश कर रहे लोगों को परेशानी हुई।
बुधवार को जीआरपी ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज।
अधिकारी ने कहा, ‘‘हम घटना की गहन जांच कर रहे हैं।’’
भाषा सुरभि मनीषा
मनीषा

Facebook


