युवाओं का आंदोलन सरकार और विपक्ष की विफलता, लोकतंत्र के लिए ‘ऑक्सीजन’ जैसा: उद्धव ठाकरे

युवाओं का आंदोलन सरकार और विपक्ष की विफलता, लोकतंत्र के लिए ‘ऑक्सीजन’ जैसा: उद्धव ठाकरे

युवाओं का आंदोलन सरकार और विपक्ष की विफलता, लोकतंत्र के लिए ‘ऑक्सीजन’ जैसा: उद्धव ठाकरे
Modified Date: July 26, 2026 / 10:48 am IST
Published Date: July 26, 2026 10:48 am IST

मुंबई, 26 जुलाई (भाषा) शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे ने धर्मेंद्र प्रधान को केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से हटाने की मांग को लेकर युवाओं के आंदोलन को ‘‘लोकतंत्र के लिए ऑक्सीजन’’ करार दिया और कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) का विरोध प्रदर्शन सरकार और विपक्ष, दोनों की विफलता को दर्शाता है।

ठाकरे ने शिवसेना (उबाठा) के सांसद और पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ के कार्यकारी संपादक संजय राउत को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि यह सराहनीय है कि लोगों में अब जेल या बंदूक का डर नहीं रहा और यह सत्तारूढ़ दल के लिए ‘‘खतरनाक’’ स्थिति है।

परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और नीट प्रश्नपत्र लीक विवाद को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में चले अभूतपूर्व आंदोलन के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया।

अभिजीत दीपके द्वारा स्थापित कॉजपा के आह्वान पर शुरू हुआ यह आंदोलन पिछले कुछ सप्ताह में देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों में बदल गया। प्रदर्शनकारियों ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और शिक्षा क्षेत्र में सुधारों की मांग की।

प्रधान के इस्तीफे से पहले दिए गए और रविवार को ‘सामना’ में प्रकाशित इस साक्षात्कार में ठाकरे ने कहा, ‘‘इन आंदोलनों ने उस लोकतंत्र को ऑक्सीजन दी है, जो लगभग दम तोड़ रहा था।’’

ठाकरे ने यह सवाल भी उठाया कि इन प्रदर्शनों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) दूर क्यों रहा।

उन्होंने कहा, ‘‘कॉजपा का आंदोलन केवल सत्तारूढ़ दल की ही नहीं, बल्कि विपक्ष की भी विफलता है। मैंने कुछ समय पहले भी कहा था कि देश का राजनीतिक नेताओं पर से भरोसा उठ गया है।’’

महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं का यह आक्रोश केवल नीट को लेकर नहीं है, बल्कि पिछले 12 वर्षों में हुए विश्वासघात और असंतोष का परिणाम है।

ठाकरे ने कहा, ‘‘दिल्ली से मुंबई तक मुझे महसूस हुआ है कि लोग अब डर से आगे निकल चुके हैं। अब तक लोगों को बंदूक के बल पर डराकर रखा गया था, लेकिन अब उन्होंने अपनी जान का डर छोड़ दिया है और सड़कों पर उतर आए हैं।’’

भारतीय जनता पार्टी नीत केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने दावा किया कि सरकार पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इन्होंने देश को पूरी तरह बर्बाद कर दिया है।’’

ठाकरे ने कहा कि युवाओं को ‘कॉकरोच’ कहना उनका अपमान है।

भाषा गोला शोभना

शोभना


लेखक के बारे में