लोकसभा चुनाव में कांग्रेस मप्र में 12-13 सीट जीतेगी: कमल नाथ
लोकसभा चुनाव में कांग्रेस मप्र में 12-13 सीट जीतेगी: कमल नाथ
भोपाल, पांच मार्च (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमल नाथ ने मंगलवार को कहा कि लोगों से मिली प्रतिक्रिया से पता चलता है कि कांग्रेस पार्टी आने वाले लोकसभा चुनाव में मध्य प्रदेश में 12- 13 सीट जीतेगी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2019 के आम चुनाव में, प्रदेश में 29 में से 28 सीट जीतकर कांग्रेस का लगभग सफाया कर दिया था। छिंदवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र, जहां से कमलनाथ के बेटे नकुल नाथ जीते थे, एकमात्र अपवाद था।
उज्जैन में पत्रकारों से बात करते हुए, कमल नाथ ने कहा कि कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) द्वारा बुधवार को बैठक के बाद मध्य प्रदेश से लगभग 15 से 20 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करने की उम्मीद है।
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा, ‘कांग्रेस मध्य प्रदेश में 12 – 13 सीट जीतेगी। मैंने कई स्थानों पर लोगों से बातचीत की और यह प्रतिक्रिया मिली है।’
मध्यप्रदेश में कांग्रेस की चुनावी संभावनाओं के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी कहानी गढ़ने में माहिर है।
कमलनाथ ने एक बार फिर भाजपा में जाने की अटकलों को खारिज कर दिया।
उन्होंने कहा, ‘क्या आपने (मीडिया) कभी मेरी बात सुनी है? आपने खबर फैलाई है और सभी मुझसे सवाल पूछ रहे हैं। मैंने पहले पत्रकारों से कहा था कि उन्हें खंडन जारी करना चाहिए।’
कमलनाथ ने कहा कि उनके बेटे और मौजूदा सांसद नकुल नाथ एक बार फिर छिंदवाड़ा लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे।
जब उनसे निर्वाचन क्षेत्र पर कब्जा करने के भाजपा के प्रयासों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘मैंने अपनी युवावस्था छिंदवाड़ा के विकास के लिए समर्पित कर दी है और वहां के लोगों के साथ मेरा 45 साल पुराना रिश्ता है।’
वरिष्ठ नेता कमल नाथ थोड़े अंतराल के बाद उज्जैन में राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो न्याय यात्रा में फिर से शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि यात्रा को मिले लोगों के समर्थन से कांग्रेस को भी फायदा होगा।
भाषा दिमो राजकुमार

Facebook


