एशियाई खेलों से पहले टॉप्स विकास समूह में 22 नौकायन खिलाड़ी शामिल
एशियाई खेलों से पहले टॉप्स विकास समूह में 22 नौकायन खिलाड़ी शामिल
नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) जापान के आइची-नागोया में सितंबर-अक्टूबर में होने वाले एशियाई खेलों की तैयारियों के मद्देनजर नौकायन (रोइंग) के 22 खिलाड़ियों को सोमवार को टारगेट ओलंपिक पोडियम योजन (टॉप्स) के विकास समूह में शामिल किया गया।
यह फैसला मिशन ओलंपिक सेल (एमओसी) की 174वीं बैठक में लिया गया।
भारतीय नौकायन संघ (आरएफआई) द्वारा वार्षिक राष्ट्रीय चयन ट्रायल और विभिन्न नौकाओं के लिए दलों को अंतिम रूप दिए जाने के बाद खिलाड़ियों की सूची जारी की गई।
विकास समूह में शामिल प्रमुख खिलाड़ियों में पेरिस ओलंपिक 2024 में हिस्सा लेने वाले बलराज पंवार, 2022 एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता अरविंद सिंह और दो पदक जीत चुके जसविंदर सिंह शामिल हैं।
एमओसी की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया, “कुल 22 खिलाड़ियों को छह विभिन्न नौका वर्गों में टॉप्स विकास समूह में शामिल किया गया है। यह दल अब एशियाई खेलों और विश्व कप सर्किट समेत प्रमुख अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं की तैयारी करेगा।’’
विज्ञप्ति के अनुसार अधिकांश खिलाड़ियों को 2026 एशियाई खेल चक्र को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है, जबकि कुछ दल भारत की दीर्घकालिक अंतरराष्ट्रीय विकास योजना का हिस्सा हैं, जिसका लक्ष्य 2030 राष्ट्रमंडल खेलों जैसी भविष्य की प्रतियोगिताएं हैं।
नौकायन 1986 से राष्ट्रमंडल खेलों का हिस्सा नहीं है लेकिन 2030 में अहमदाबाद में आयोजित होने वाले खेलों इसकी वापसी की संभावना है।
एमओसी ने कहा, “कई भारतीय नौकायन खिलाड़ियों को टॉप्स विकास समूह में शामिल करना केवल पदक संभावनाओं पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय विभिन्न नौका वर्गों में मजबूत और टिकाऊ बेंच स्ट्रेंथ तैयार करने की दिशा में एक और प्रयास है।
टॉप्स विकास समूह में शामिल नौकायन खिलाड़ी।
पुरुष सिंगल स्कल्स: अरविंद सिंह।
पुरुष डबल स्कल्स: नवदीप सिंह, कुलविंदर सिंह।
पुरुष क्वाड्रुपल स्कल्स: बलराज पंवार, सतनाम सिंह, जकर खान, सलमान खान।
लाइटवेट पुरुष डबल स्कल्स: लक्ष्य, उज्ज्वल कुमार सिंह।
पुरुष कॉक्स्ड एट: जसविंदर सिंह, नितिन कुमार, बाबूलाल यादव, योगेश कुमार, घुर्डे विपुल सतीश, सौरव कुमार, इकबाल सिंह, सन्नी कुमार और धनंजय उत्तम पांडे।
महिला कॉक्सलेस फोर: गुरबानी कौर, पूनम, टेंडेंथोई और अलीना एंटो।
भाषा
आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


