भारत के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के एक दिन बाद आयरलैंड के कोच मलान ने पद छोड़ा
भारत के खिलाफ टी20 सीरीज जीतने के एक दिन बाद आयरलैंड के कोच मलान ने पद छोड़ा
बेलफास्ट (उत्तरी आयरलैंड), 29 जून (भाषा) भारत के खिलाफ ऐतिहासिक टी20 सीरीज जीतने के एक दिन बाद आयरलैंड की पुरुष टीम के मुख्य कोच हेनरिक मलान ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया।
मलान ने भारत के खिलाफ 2-0 से ऐतिहासिक टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में क्लीन स्वीप के ठीक एक दिन बाद अपने चार साल के सफल कार्यकाल को समाप्त किया।
आयरलैंड ने रविवार को यहां खेले गए दूसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में 154 रन का बचाव करते हुए भारत को एक रन से शिकस्त दी। उन्होंने मेहमान टीम को नौ विकेट पर 153 रन के स्कोर पर रोक दिया। इससे भारत की लगभग तीन साल से लगातार 16 टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में अजेय रहने की लय टूट गई।
मेजबान टीम ने पहला मैच में 34 रन से जीतकर भारत के खिलाफ अपनी पहली अंतरराष्ट्रीय जीत दर्ज की थी।
आयरलैंड में जन्में गैरी विल्सन को दक्षिण अफ्रीका के हेनरिक मलान की जगह नियुक्त किया गया। वह पिछले 30 से ज्यादा वर्षों में टीम के पहले आयरिश कोच होंगे।
विल्सन ने 2020 में संन्यास लेने से पहले अपने 15 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर में आयरलैंड के लिए 292 मैच खेले।
क्रिकेट आयरलैंड द्वारा जारी एक बयान में मलान ने कहा, ‘‘इन खिलाड़ियों, स्टाफ और आयरिश क्रिकेट समुदाय के साथ काम करना मेरे लिए बहुत सम्मान की बात रही है। मेरे और मेरे परिवार के लिए यहां रहने का अनुभव बहुत शानदार रहा है। ’’
हालांकि 45 वर्षीय मलान का अनुबंध 2027 की शुरुआत तक था, लेकिन उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप के लिए आयरलैंड की क्वालीफिकेशन की कोशिशों से पहले सुचारू रूप से बदलाव के लिए यह सही समय है।
वर्ष 2022 में मुख्य कोच नियुक्त किए गए मलान ने आयरलैंड की पुरुष क्रिकेट टीम के इतिहास के सबसे सफल दौर में से एक का नेतृत्व किया। उनके मार्गदर्शन में टीम ने लगातार तीन बार टी20 विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया, तीन टेस्ट मैच जीते और देश के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के पूल का काफी विस्तार हुआ।
आयरलैंड अगस्त में अफगानिस्तान के खिलाफ पांच मैच की वनडे सीरीज की मेजबानी करने वाला है क्योंकि उनका लक्ष्य 2027 विश्व कप के लिए क्वालीफाई करना है, जो 2019 के बाद पहला ऐसा टूर्नामेंट होगा जिसमें 14 टीमें हिस्सा लेंगी।
आईसीसी वनडे रैंकिंग में 11वें स्थान पर मौजूद आयरलैंड को अगले वनडे टूर्नामेंट में जगह पक्की करने के लिए एक वैश्विक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट से गुजरना होगा। टीम 2015 के बाद से 50 ओवर के विश्व कप में नहीं खेली है।
भाषा नमिता
नमिता

Facebook


