हेटमायर की आक्रामक पारी के बाद शेफर्ड की हैट्रिक से वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को हराया
हेटमायर की आक्रामक पारी के बाद शेफर्ड की हैट्रिक से वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को हराया
कोलकाता, सात फरवरी (भाषा) शिमरोन हेटमायर की तूफानी अर्धशतकीय पारी और रोमारियो शेफर्ड की हैट्रिक सहित पांच विकेट से वेस्टइंडीज ने शनिवार को यहां टी20 विश्व कप के ग्रुप सी मैच में स्कॉटलैंड को 35 रन से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया।
दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज ने हेटमायर के 36 गेंद में 64 रन की आक्रामक पारी के दम पर पांच विकेट पर 182 रन बनाने के बाद स्कॉटलैंड को 18.5 ओवर में 147 रन पर आउट कर दिया।
शेफर्ड ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए तीन ओवर में 20 रन देकर इस प्रारूप में पहली बार पांच विकेट झटके। उन्होंने इस दौरान पांच गेंद के अंदर चार विकेट लिये जिसमें मैथ्यू क्रॉस, माइकल लीस्क और ओलिवर डेविडसन के विकेटों के साथ हैट्रिक पूरी की। यह शेफर्ड की चार महीने में दूसरी टी20 अंतरराष्ट्रीय हैट्रिक है।
उन्होंने इससे पहले अक्टूबर में बांग्लादेश के खिलाफ हैट्रिक ली थी।
बांग्लादेश के हटने के बाद स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में भाग लेने की जानकारी केवल दो सप्ताह पहले मिली थी। उसकी गेंदबाजी अनुशासित दिखी लेकिन लक्ष्य का पीछा करते समय उनकी तैयारी की कमी साफ नजर आयी।
वेस्टइंडीज ने इसके साथ ही 2022-23 में इस टीम से मिली हार का बदला भी चुकता किया। टीम को कुछ दिनों पहले नेपाल से भी हार का सामना करना पड़ा था ऐसे में टी20 में यह वेस्टइंडीज की एसोसिएट देश पर पहली जीत है।
स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंग्टन ने 24 गेंदों में 42 रन (तीन चौके और दो छक्के) की तेज पारी खेली, जबकि टॉम ब्रूस ने 28 गेंदों में 35 रन (एक चौका और दो छक्के) बनाए। इन दोनों की चौथे विकेट के लिए 47 गेंद में 78 रन की साझेदारी टूटने के बाद लगातार विकेट गिरने के कारण टीम काफी पीछे रह गयी।
जेसन होल्डर बेरिंगटन को धीमी गेंद पर आउट कर 100 टी20 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे करने वाले वेस्टइंडीज के पहले गेंदबाज बने। हेटमायर ने भी शानदार क्षेत्ररक्षण करते हुए कवर पर जॉर्ज मन्सी एक हाथ से कैच लपका।
इससे पहले बाएं हाथ के बल्लेबाज हेटमायर ने 36 गेंदों में 64 रन की पारी के दौरान महज 22 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर टीम को धीमी शुरुआत से उबारा।
वेस्टइंडीज की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। पावरप्ले में टीम बिना विकेट खोए सिर्फ 33 रन ही बना सकी।
मार्क वाट की अगुवाई स्पिनरों ने शुरुआती ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी की जिससे वेस्टइंडीज की टीम ने 10 ओवर में दो विकेट गंवाकर सिर्फ 66 रन सकी थी।
हेटमायर ने इसके बाद हालांकि स्पिनरों पर आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने स्लॉग स्वीप और पुल शॉट का अच्छा इस्तेमाल किया और फिर कवर के ऊपर से शानदार छक्का जड़कर रन गति को तेजी से बढ़ाया।
उनकी आक्रामक पारी से टीम ने 11 से 15 के बीच 72 रन जोड़े और स्कोर 138 रन पर दो विकेट हो गया।
हेटमायर को रोवमैन पॉवेल (14 गेंदों पर 24 रन) का अच्छा साथ मिला। दोनों ने मिलकर 37 गेंदों में 81 रन की तेज साझेदारी कर मैच पर दबदबा कायम किया।
हेटमायर की पारी का अंत ब्रैंडन मैकमुलेन ने बाउंड्री पर दौड़ते हुए एक हाथ से शानदार कैच लपक कर किया।
स्कॉटलैंड ने इससे पहले टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया। टीम के गेंदबाजों ने शुरुआती 10 ओवरों तक इस फैसले को सही साबित किया। ब्रैंडन किंग ने 30 गेंदों पर 35 रन बनाए लेकिन वह शुरुआत में संघर्ष करते दिखे। कप्तान शाई होप (19) को तेज गेंदबाज लीस्क (42 रन पर एक विकेट) ने आउट किया।
पदार्पण कर रहे वामहस्त स्पिनर डेविडसन ने भी तीन ओवर में 23 रन देकर एक विकेट लिया।
स्कॉटलैंड की ओर से ब्रैड करी सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 23 रन देकर दो विकेट चटकाए।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


