आईपीएल में गेंदबाजों के लिए आक्रामकता और सही रवैया काम कर रहा है: जहीर
आईपीएल में गेंदबाजों के लिए आक्रामकता और सही रवैया काम कर रहा है: जहीर
मुंबई, 29 अप्रैल (भाषा) भारत के पूर्व तेज गेंदबाज जहीर खान ने आईपीएल 2026 में बल्लेबाजों के आक्रामक खेल के बावजूद गेंदबाजों के लगातार बेहतर प्रदर्शन का श्रेय उनकी आक्रामक सोच और सही रणनीतियों को दिया।
बल्लेबाजों के आक्रामक प्रदर्शन के बीच अकील हुसैन (17 रन पर चार विकेट), मोहसिन खान (23 रन पर पांच विकेट), जोश हेजलवुड (12 रन पर चार विकेट) और भुवनेश्वर कुमार (पांच रन पर तीन विकेट) जैसे गेंदबाजों ने पिछले एक हफ्ते में अपनी मजबूत छाप छोड़ी है।
जहीर ने ईयू टी20 बेल्जियम की जर्सी के अनावरण के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे यह देखकर बहुत खुशी हो रही है कि आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में गेंदबाज अब वापसी कर रहे हैं। आपने कुछ कम स्कोर वाले मैच देखे हैं। आपने 155 रन के स्कोर का भी बचाव होते हुए देखा है और आपने एक टीम को 76 रन पर ऑल आउट होते भी देखा है।’’
यह टूर्नामेंट छह जून से शुरू हो रहा है।
जहीर ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि आक्रामकता और सही रवैया गेदबाजों के लिए काम कर रहा है। जिन टीम की गेंदबाजी में अच्छा संतुलन है वे इस टूर्नामेंट में अपना प्रभाव डाल रही हैं।’’
हालांकि जहीर ने इस आईपीएल में जसप्रीत बुमराह की फॉर्म को लेकर अधिक चिंता नहीं जताई जिन्होंने सात मैच में सिर्फ दो विकेट लिए हैं।
उन्होंने कहा,‘‘ उनका सत्र कुछ ऐसा ही चल रहा है। एक गेंदबाज के तौर पर आपको ऐसे दौर से गुजरना पड़ सकता है। इससे आप ना तो बड़े गेंदबाज बन जाते हैं और ना ही छोटे। यह बस एक दौर की बात है और उन्हें इस बात का पता है। अब भी उनके लिए कितने मैच बाकी हैं? शायद सात? इसलिए उनके पास चीजों को बदलने के लिए अब भी काफी समय है। आप देख चुके हैं कि उनमें किस तरह की काबिलियत है।’’
जहीर ने हालांकि राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी की तारीफ की जिन्होंने अपने स्वाभाविक अंदाज को बनाए रखा।
जब उनसे सूर्यवंशी के शीर्ष गेंदबाजों को निशाना बनाने की आदत के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह उनकी काबिलियत और आत्मविश्वास की बात है। यह सचमुच एक खास प्रतिभा है।’’
जहीर ने कहा, ‘‘(वह) एक ऐसा खिलाड़ी है जो अपने साथ कोई बोझ लेकर नहीं चलता बल्कि खेल को उसके सबसे शुद्ध रूप में खेलता है, गेंद को देखता है, गेंद को मारता है और उसके पास उस तरह की प्रतिभा और काबिलियत है।’’
टेस्ट क्रिकेट में 311 विकेट चटकाने वाले जहीर ने लखनऊ सुपर जाइंट्स के तेज गेंदबाज मोहसिन के अब तक चोटों से भरे करियर पर निराशा जताई।
सुपर जाइंट्स के पूर्व गेंदबाजी कोच और मार्गदर्शक जहीर ने कहा, ‘‘वह कुछ समय से चोटों की वजह से मैदान से बाहर रहा है। उसे वापस खेलते देखकर बहुत अच्छा लग रहा है। उसके पास हुनर तो है लेकिन उसकी फिटनेस पर सही तरह से ध्यान दिया जाना चाहिए क्योंकि हमने पिछले दो-तीन सत्र में देखा है कि वह लगातार नहीं खेल पाया है। उसके लिए अधिक से अधिक मैच खेलना ही सबसे जरूरी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जिसे लेकर मैं सचमुच उत्साहित हूं वह है प्रिंस (यादव) जैसा खिलाड़ी जो बहुत अच्छा खेल रहा है और जिसने पिछले एक साल में बहुत कड़ी मेहनत की है। आपने प्रफुल हिंगे को भी खेल पर वैसा ही असर डालते हुए देखा होगा।’’
जहीर ने कहा कि 36 साल के भुवनेश्वर कुमार शायद भारतीय टीम में वापसी के बारे में सोच रहे होंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘यह देखकर बहुत अच्छा लग रहा है कि भुवनेश्वर इस तरह का शानदार प्रदर्शन कर रहा है। मुझे पूरा यकीन है कि वह भी इसी दिशा (भारतीय टीम में वापसी) में सोच रहा होगा।’’
जहीर ने जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी से आईपीएल में मिले मौकों का फायदा उठाने की बात कही। नबी के लिए लाल गेंद से सत्र शानदार रहा था।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता

Facebook


