बेंगलुरु, 25 अगस्त (भाषा) बाएं हाथ के स्पिनर अनुकूल रॉय ने पांच विकेट चटकाए जबकि वैभव सूर्यवंशी ने भी दो विकेट लिए जिससे पूर्व क्षेत्र ने मंगलवार को यहां पूर्वोत्तर क्षेत्र को पारी और 210 रन से करारी शिकस्त देकर दलीप ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
यह मुकाबला ढाई दिन के भीतर ही समाप्त हो गया। पूर्व क्षेत्र ने पहली पारी में 467 रन बनाए थे जिसके जवाब में पूर्वोत्तर क्षेत्र की टीम पहली पारी में महज 111 रन पर सिमट गई। टीम इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए दूसरी पारी में भी 146 रन पर आउट हो गई।
तीसरे दिन दूसरी पारी में केवल 50 ओवर में ही मुकाबला समाप्त हो गया।
सात रन पर बिना किसी नुकसान से दिन की शुरुआत करने वाली पूर्वोत्तर क्षेत्र की टीम ने नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए। फेइरोइजाम जोतिन सिंह (39) और आकाश चौधरी (27) ने नौवें विकेट के लिए 39 रन जोड़कर टीम को 100 रन से पहले सिमटने से बचाया।
तीसरे दिन कप्तान इशान किशन की शानदार विकेटकीपिंग भी आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने पांच खिलाड़ियों को आउट करने में भूमिका निभाई जिसमें दो स्टंपिंग और तीन कैच शामिल रहे।
भारत ए के खिलाड़ी अनुकूल ने सटीक लाइन और लेंथ के साथ गेंदबाजी की। पूर्वोत्तर क्षेत्र के बल्लेबाज यह समझने में नाकाम रहे कि उनकी कौन सी गेंद टर्न लेगी और कौन सी सीधे विकेटों पर आएगी।
अनुकूल ने 15 ओवर में 37 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने प्रथम श्रेणी मैच की पारी में सातवीं बार पांच या इससे अधिक विकेट चटकाए।
मैच पर पूरी तरह नियंत्रण होने के कारण किशन ने सूर्यवंशी को भी गेंदबाजी का मौका दिया और 15 वर्षीय इस खिलाड़ी ने कप्तान को निराश नहीं किया तथा दो विकेट हासिल किए।
किशन के जोतिन को अनुकूल की गेंद पर स्टंप करने के साथ पूर्व क्षेत्र ने मुकाबला जीत लिया।
शानदार हरफनमौला प्रदर्शन करने वाले शाहबाज अहमद को 167 रन बनाने और चार विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
भाषा सुधीर पंत
पंत