अनुष अग्रवाला ने सीडीआई1 हेगन प्रतियोगिता में जीता रजत पदक

अनुष अग्रवाला ने सीडीआई1 हेगन प्रतियोगिता में जीता रजत पदक

अनुष अग्रवाला ने सीडीआई1 हेगन प्रतियोगिता में जीता रजत पदक
Modified Date: July 4, 2026 / 05:31 pm IST
Published Date: July 4, 2026 5:31 pm IST

नयी दिल्ली, चार जुलाई (भाषा) भारत के स्टार घुड़सवार खिलाड़ी अनुष अग्रवाला ने जर्मनी के हेगन में आयोजित कैवालिएरो ड्रेसेज डेज प्रतियोगिता के सीडीआई1 प्री सेंट जॉर्ज वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।

‘स्ट्रेट हॉर्स फ्लोरियाना’ पर सवार अनुष ने 70.147 प्रतिशत अंक हासिल किए और 22 प्रतिभागियों के बीच दूसरे स्थान पर रहे।

अनुष और फ्लोरियाना के बीच बेहतरीन तालमेल तथा सटीक प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने प्रतिष्ठित 70 प्रतिशत का आंकड़ा पार किया जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी निरंतरता को दर्शाता है।

इस स्पर्धा में जर्मनी की चार्लोट-मारिया शूर्मन 72.304 प्रतिशत अंक के साथ पहले स्थान पर रहीं।

यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है, जब 2026 एशियाई खेलों के लिए भारतीय ड्रेसेज टीम के चयन को लेकर अनुष विवाद के केंद्र में हैं। उन्हें चार सदस्यीय भारतीय टीम में शामिल नहीं किया गया बल्कि रिजर्व खिलाड़ी के रूप में नामित किया गया है।

भारत के सर्वोच्च रैंकिंग वाले ड्रेसेज राइडर और इस स्पर्धा में एशियाई खेलों में व्यक्तिगत पदक जीतने वाले देश के एकमात्र खिलाड़ी होने के बावजूद, भारतीय घुड़सवारी महासंघ (ईएफआई) की तदर्थ चयन समिति ने उन्हें मुख्य टीम से बाहर रखा। इसके बाद उन्होंने दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया।

दिल्ली उच्च न्यायालय ने शुक्रवार को अनुष अग्रवाला और सुदीप्ति हाजेला द्वारा एशियाई ड्रेसेज टीम से बाहर किए जाने को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रख लिया।

छब्बीस वर्षीय अनुष अग्रवाला ने 2022 हांगझोऊ एशियाई खेलों में इतिहास रचते हुए टीम स्पर्धा में स्वर्ण और व्यक्तिगत ड्रेसेज स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था। वह एशियाई खेलों में घुड़सवारी की व्यक्तिगत स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बने थे।

भाषा नमिता आनन्द

आनन्द


लेखक के बारे में