एशियाई खेल कबड्डी: भारतीय महिला टीम ने ईरान को, पुरूष टीम ने बांग्लादेश को हराया

Ads

एशियाई खेल कबड्डी: भारतीय महिला टीम ने ईरान को, पुरूष टीम ने बांग्लादेश को हराया

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 11:43 AM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 11:43 AM IST

नागोया, 23 सितंबर (भाषा) भारत ने एशियाई खेलों की कबड्डी स्पर्धा में अपना दबदबा कायम रखा और महिला तथा पुरूष टीमों ने बुधवार को अपने अपने ग्रुप मैच में क्रमश: ईरान और बांग्लादेश को हराया ।

खिताब की प्रबल दावेदार भारतीय महिला टीम ने 2018 स्वर्ण पदक विजेता ईरान को दूसरे ग्रुप मैच में 37 . 23 से हराया । पुरूष टीम ने ग्रुप ए के तीसरे मैच में बांग्लादेश को 48 . 25 से मात दी ।

महिला कोच नीता डाडवे ने मैच के बाद कहा ,‘‘ हमने ईरान के खिलाफ काफी रणनीति बनाई थी । पहली बार हम दस से अधिक अंक से जीते हैं । इससे पहले सारे मुकाबले करीबी रहे हैं ।’’

यह पूछने पर कि भारत को कौन हरा सकता है, उन्होंने कहा ,‘‘ कोई नहीं । हम विश्व में नंबर एक हैं और यह हमारा खेल है । इसकी शुरूआत भारत में हुई । हमारे पास बेहतरीन खिलाड़ी, तकनीक, रफ्तार और दमखम के साथ आत्मविश्वास है ।’’

इससे पहले भारतीय टीम ने शुरूआती मैच में बांग्लादेश को 42 . 21 से मात दी थी ।

अब भारत का सामना बृहस्पतिवार को जापान से होगा ।

भारतीय पुरूष टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले ही हाफ में 29 . 9 की बढत बना ली थी । बांग्लादेश ने दूसरे हाफ में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन वापसी नहीं कर सके ।

पुरूष टीम ने इससे पहले जापान को 49 . 24 से और दक्षिण कोरिया को 63 . 31 से हराया था । पुरूष टीम अब चीनी ताइपै से खेलेगी ।

भारत की दोनों टीमों ने पिछली बार हांगझोउ खेलों में स्वर्ण पदक जीता था ।

भाषा

मोना पंत

पंत