जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा

Ads

जय मीणा ने सॉफ्ट टेनिस में कांस्य पदक जीतकर इतिहास रचा

  •  
  • Publish Date - September 23, 2026 / 11:10 AM IST,
    Updated On - September 23, 2026 / 11:10 AM IST

नागोया, 23 सितंबर (भाषा) भारत के जय मीणा ने एशियाई खेलों में बुधवार को पुरुषों की एकल सॉफ्ट टेनिस स्पर्धा के सेमीफाइनल में जापान के तुकोया कुरोसाका से 2-4 से हारने के बावजूद कांस्य पदक जीतकर नया इतिहास रचा।

अपने तीसरे एशियाई खेलों में खेल रहे 26 वर्षीय मीणा ने तीन गेम से पिछड़ने के बाद जोरदार वापसी की, लेकिन वह लय बरकरार नहीं रख सके और 45 मिनट तक चले मुकाबले में कुरोसाका से 2-4 (3-5, 1-4, 1-4, 4-1, 6-4, 1-4) से हार गए।

मध्य प्रदेश के देवास के रहने वाले और 2022 के राष्ट्रीय खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मीणा को शुरुआत में अपनी लय हासिल करने में संघर्ष करना पड़ा। कुरोसाका को पहले तीन गेम जीतने में किसी तरह की परेशानी नहीं हुई।

सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक पक्का करने वाले मीणा ने शानदार वापसी की। उन्होंने चौथे गेम को आसानी से 4-1 से जीता और फिर पांचवें गेम को 6-4 से जीतकर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवंत रखा।

कुरोसाका ने हालांकि छठे गेम में वापसी की और 4-1 से मुकाबला जीतकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। इस तरह से मीणा को कांस्य पदक से ही संतोष करना पड़ा।

इससे पहले दिन में मीणा ने क्वार्टरफाइनल में फिलीपींस के शेरविन नुगिट को 4-3 (0-4, 4-2, 2-4, 4-2, 5-3, 2-4, 7-5) से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई थी।

मीणा ने 2018 और 2022 के एशियाई खेलों में भी भाग लिया था लेकिन तब वह पदक दौर तक पहुंचने में नाकाम रहे थे।

इससे पहले मीणा ने ग्रुप डी में पाकिस्तान के अराइन हुसैन को 4-0 से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

मीणा ने इससे पहले 2024 में विश्व सॉफ्ट टेनिस चैंपियनशिप के मिश्रित युगल स्पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

भाषा

पंत मोना

मोना