नयी दिल्ली, 11 जून (भाषा) ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर आगामी एशियाई खेलों में दो स्पर्धाओं में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी जबकि पुरूषों के 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल वर्ग में सिर्फ अनीश भानवाला भारतीय टीम का हिस्सा होंगे ।
भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ ने बृहस्पतिवार को एशियाई खेलों के लिये 30 सदस्यीय टीम भारतीय निशानेबाजी टीम का ऐलान किया ।
मनु को शीर्ष स्तर पर उनकी उपलब्धियों को देखते हुए 10 मीटर एयर पिस्टल टीम में शामिल किया गया हालांकि वह महासंघ द्वारा कराये गए ट्रायल में सातवें स्थान पर रही थी । वह 25 मीटर पिस्टल ट्रायल में दूसरे स्थान पर रही थी जिससे इस वर्ग के लिये उन्होंने पहले ही टीम में जगह बना ली ।
25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में सिर्फ अनीश भानवाला टीम में हैं । सिर्फ कोटा भरने के लिये दो अतिरिक्त निशानेबाजों को शामिल करने से महासंघ ने इनकार कर दिया और पदक के दावेदारों को ही चुना गया है ।
एशियाई खेल जापान के आइची नागोया में 19 सितंबर से चार अक्टूबर के बीच होंगे ।
एनआरएआई ने एक बयान में कहा ,‘‘ सभी चयनित खिलाड़ी खेल और युवा कार्य मंत्रालय द्वारा रखे गए क्वालीफिकेशन के कड़े मानदंडों पर खरे उतरे हैं । खेलों की आयोजन समिति द्वारा लागू कड़े ‘डाइनेमिक कोटा कैप’ की वजह से अंतिम सूची में 30 खिलाड़ियों (15 पुरूष और 15 महिला ) को जगह मिली है ।’’
खेल मंत्रालय ने स्पष्ट निर्देश दिये हुए हैं कि एशियाई खेलेां में पदक जीतने की वास्तविक संभावना वाले खिलाड़ियों को ही चुना जाये ।
मनु के अलावा विदर्सा के विनोद ( महिलाओं की दस मीटर एयर राइफल और 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस) , पूर्व विश्व चैम्पियन रूद्रांक्ष पाटिल (पुरूषों की 10 मीटर एयर राइफल और 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस) और एशा सिंह ( महिला 10 मीटर एयर पिस्टल और 25 मीटर पिस्टल) को दो स्पर्धाओं में उतारा जायेगा ।
टीम का चयन आठ जून को देहरादून में चयन समिति की बैठक में किया गया ।
टीम :
राइफल पुरूष :
10 मीटर एयर राइफल : पार्थ राकेश माने, हिमांशु ढिल्लों, रूद्रांक्ष पाटिल
50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस : ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार, रूद्रांक्ष पाटिल
राइफल महिला :
10 मीटर एयर राइफल : इलावेनिल वालारिवान, सोनम उत्तम मसकर, विदर्सा के विनोद
50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस : आशी चौकसी, विदर्सा के विनोद, तिलोत्तमा सेन
10 मीटर राइफल मिश्रित टीम : पार्थ प्रकाश माने, इलावेनिल वालारिवन
पिस्टल पुरूष :
10 मीटर एयर पिस्टल : केदारलिंग बी उचागांवे, गौरव, कमलजीत
25 मीटर रैपिड फायर : अनीश भानवाला
महिला :
10 मीटर एयर पिस्टल : सुरूचि, एशा सिंह, मनु भाकर
25 मीटर स्पोटर्स पिस्टल : एशा सिंह, मनु भाकर , राही सरनोबत
10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित : केदारलिंग बी उचागांवे और सुरूचि
शॉटगन पुरूष :
ट्रैप पुरूष : कीनान चेनाइ, अनवर रिजवी, शपथ भारद्वाज
ट्रैप महिला : नीरू, मनीषा कीर, आशिमा अहलावत
स्कीट पुरूष : अनंतजीत सिंह नरूका, भावतेग सिंह गिल, मैराज अहमद खान
स्कीट महिला : परिनाज धालीवाल, रेइजा ढिल्लों, माहेश्वरी चौहान ।
भाषा
मोना नमिता
नमिता