एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप: दूसरे दिन भारत ने जीते तीन कांस्य पदक
एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप: दूसरे दिन भारत ने जीते तीन कांस्य पदक
ओर्डोस (चीन), 10 जुलाई (भाषा) भारत ने मध्यम दूरी के धावकों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत शुक्रवार को पहली एशियाई अंडर-23 एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दूसरे दिन तीन कांस्य पदक अपने नाम किए।
शकील ने दिन में भारत के लिए पदकों का खाता खोला। उन्होंने पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में एक मिनट 48.78 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। इसी स्पर्धा के फाइनल में भारत के दूसरे धावक विनोद कुमार बी एक मिनट 49.10 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे।
महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में भूमेश्वरी देवी हुइद्रोम ने दो मिनट 10.20 सेकंड का समय लेकर भारत को दूसरा कांस्य पदक दिलाया। हालांकि वैष्णवी राजेंद्र रावल के लिए दिन निराशाजनक रहा और वह दो मिनट 10.83 सेकंड के समय के साथ पांचवें स्थान पर रहीं।
उज्बेकिस्तान की जॉनबीबी हुकमोवा ने दो मिनट 8.41 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि जापान की कुरुमी सुगुरे ने दो मिनट 9.42 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।
पुरुषों की 200 मीटर दौड़ में अभय सिंह ने 20.96 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक अपने नाम किया।
इस स्पर्धा में चीन के यौवेन हुआंग ने 20.43 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता जबकि जापान के कोटा उएमात्सु ने 20.58 सेकंड के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।
पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज में भारत के शाहरुख खान नौ मिनट 14.14 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहे।
वहीं डेकाथलॉन में अभिजीत संजय भोसले भी कुल 6610 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहे।
भारत ने बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता के पहले दिन एक स्वर्ण सहित कुल पांच पदक जीते थे।
भाषा नमिता आनन्द
आनन्द

Facebook


