बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर ऑस्टेलिया ने तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में किया सूपड़ा साफ
बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर ऑस्टेलिया ने तीन मैचों की टी20 श्रृंखला में किया सूपड़ा साफ
चटगांव, 21 जून (एपी) कप्तान मिचेल मार्श की 28 गेंदों पर 60 रनों की तूफानी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में बांग्लादेश को सात विकेट से हराकर 3-0 से श्रृंखला में क्लीन स्वीप कर लिया।
ऑस्ट्रेलिया ने 110 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 11 ओवर में ही तीन विकेट पर 112 रन बनाकर जीत हासिल कर ली। मार्श ने अपनी विस्फोटक पारी में सात चौके और चार छक्के लगाए और टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
ऑस्ट्रेलिया ने इससे पहले पहला मैच चार विकेट से और दूसरा मैच सात रनों से जीता था।
मार्श और जोश इंग्लिस ने पावरप्ले में 54 रनों की साझेदारी कर मजबूत आधार तैयार किया। बायें हाथ के स्पिनर नासुम अहमद ने इंग्लिस को 17 रन पर आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा।
मार्श ने लेग स्पिनर रिशाद हुसैन की गेंद पर स्लॉग स्वीप से छक्का लगाकर 23 गेंदों में अपना 14वां टी20 अर्धशतक पूरा किया।
शोरिफुल इस्लाम ने शमीम हुसैन के हाथों कैच कराकर मार्श की शानदार पारी का अंत किया। वह जब आउट हुए तो मैच में सिर्फ औपचारिकता बची थी। ऑस्ट्रेलिया जीत से महज 22 रन दूर था।
टिम डेविड ने इसके बाद लगातार दो छक्के लगाकर टीम को जीत दिलाई।
डेविड 12 रन और मैट रेनशॉ छह रन बनाकर नाबाद रहे। रेनशॉ ने पिछले मैच में नाबाद 89 रनों की पारी खेली थी।
बांग्लादेश के कप्तान तौहीद हृदय ने अकेले संघर्ष करते हुए तीन चौके और तीन छक्कों की मदद से 51 गेंदों में नाबाद 61 रन बनाए। उनके अलावा रिशाद हुसैन (16) ही दहाई का आंकड़ा पार कर सके।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्पेंसर जॉनसन, नाथन एलिस और लेग स्पिनर एडम जम्पा ने दो-दो विकेट हासिल किए।
बांग्लादेश ने इससे पहले तीन मैचों की वनडे श्रृंखला 2-1 से अपने नाम की थी।
एपी
आनन्द नमिता
नमिता

Facebook


