ऑस्ट्रेलिया ने गोल रहित ड्रॉ खेलकर नॉकआउट में जगह बनाई, पैराग्वे के भी आगे बढ़ने की उम्मीद

ऑस्ट्रेलिया ने गोल रहित ड्रॉ खेलकर नॉकआउट में जगह बनाई, पैराग्वे के भी आगे बढ़ने की उम्मीद

ऑस्ट्रेलिया ने गोल रहित ड्रॉ खेलकर नॉकआउट में जगह बनाई, पैराग्वे के भी आगे बढ़ने की उम्मीद
Modified Date: June 26, 2026 / 12:00 pm IST
Published Date: June 26, 2026 12:00 pm IST

सांता क्लारा (अमेरिका), 26 जून (एपी) ऑस्ट्रेलिया ने बृहस्पतिवार को यहां पैराग्वे के साथ गोल रहित ड्रॉ खेलकर फुटबॉल विश्व कप के नॉकआउट में जगह पक्की की। पैराग्वे के लिए भी आगे बढ़ने की उम्मीद बढ़ गई है।

टूर्नामेंट में अब 48 टीमें हैं और ग्रुप चरण में तीसरे स्थान पर रहने वाली 12 में से आठ टीम भी नॉकआउट राउंड में जगह बनाएंगी। इसी वजह से ग्रुप डी के अपने आखिरी मैच में दोनों टीमों ने सावधानी दिखाई क्योंकि तुर्की पर जीत के बाद दोनों के पास तीन-तीन अंक थे।

इस मैच के विजेता को ग्रुप में अमेरिका के बाद दूसरा स्थान मिलना तय था। ऑस्ट्रेलिया ने ड्रॉ के साथ यह स्थान हासिल कर लिया क्योंकि उसका गोल अंतर पैराग्वे से बेहतर था लेकिन इस ड्रॉ से पैराग्वे को ग्रुप में चार अंक मिले जो शायद नॉकआउट चरण में प्रवेश के लिए काफी होंगे।

यह तीसरी बार है जब ऑस्ट्रेलिया नॉकआउट दौर में पहुंचा है। इससे पहले 2006 और 2022 में वे प्री क्वार्टर फाइनल में हार गए थे।

ऑस्ट्रेलिया की टीम तीन जुलाई को अर्लिंगटन में राउंड ऑफ 32 का मैच खेलेगी। उनका मुकाबला ग्रुप जी में दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम से होगा जिसका फैसला शुक्रवार रात को होगा।

पैराग्वे को अपने भविष्य को जानने के लिए इंतजार करना होगा लेकिन वे पांचवीं बार नॉकआउट में पहुंचने के लिए अच्छी स्थिति में हैं।

पहले हाफ में ऑस्ट्रेलिया को गोल करने के अच्छे मौके मिले लेकिन पैराग्वे के गोलकीपर ऑरलैंडो गिल ने जैक्सन इरविन की शुरुआती कोशिश को रोक दिया और फिर इंजरी टाइम में क्रिस्टियन वोल्पैटो के खिलाफ एक और बचाव किया।

दूसरे हाफ में भी दोनों टीम ने सतर्कता बरती। पैराग्वे के पास शुरुआती 45 मिनट की तुलना में अधिक समय गेंद रही लेकिन कोई भी टीम गोल करने के करीब नहीं पहुंच पाई। 90वें मिनट में ऑस्ट्रेलिया के लिए जॉर्डन बॉस के पास सबसे अच्छा मौका था लेकिन उनका शॉट बॉक्स के दाईं ओर से बाहर चला गया।

इसके बाद इंजरी टाइम में पैट्रिक बीच ने ऑस्ट्रेलिया के लिए बचाव किया। उन्होंने मौरिसियो के कमजोर शॉट को रोका।

ऑस्ट्रेलिया के कोच टोनी पोपोविच ने मैच के लिए अपनी शुरुआती एकादश में छह बदलाव किए जिसमें 18 साल के लुकास हेरिंगटन को अपना पहला विश्व कप मैच खेलने का मौका मिला। मेजर लीग सॉकर में कोलोराडो रैपिड्स के लिए खेलने वाले हेरिंगट विश्व कप में खेलने वाले सबसे कम उम्र के ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी बन गए।

पैराग्वे के मिडफील्डर डिएगो गोमेज को ग्रुप चरण में अपना दूसरा पीला कार्ड मिला। अगर टीम अगले दौर में पहुंचती है तो वह राउंड ऑफ 32 का मैच नहीं खेल पाएंगे।

एपी सुधीर

सुधीर


लेखक के बारे में